

दोआबा न्यूज़लाइन

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दुखद खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि जयपुर के खोह नागोरियान रिहायशी इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह अचानक ब्लास्ट के बाद आग लग गई। फ़ैक्ट्री में आग लगने के बाद से इलाके में अफरा- तफरी मच गई।आगजनी में अब तक एक बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 5 मजदूर झुलसे बताए जा रहे हैं।घटना मंगलवार सुबह 11 बजे के करीब की बताई जा रही है।


वहीं घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक आग ने फैक्ट्री के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया था। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और घायलों का एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त फैक्ट्री अवैध रूप से एक घर में चल रही थी।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एडीएम ने कहा कि घर के अंदर अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी और एक गैस सिलेंडर में भी आग लग गई। उनके मुताबिक तीन लोगों की मौत हो गई और पांच का इलाज चल रहा है। हादसे के समय फ़ैक्ट्री में लगभग 8 लोग मौजूद थे, जिनमें एक महिला और एक बच्चा भी शामिल था।


