दोआबा न्यूज़लाइन
महेंद्रगढ़: हरियाणा के महेंद्रगढ़ में शुक्रवार सुबह भयानक सड़क हादसा पेश आया है। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के महेंद्रगढ़ में नेशनल हाईवे-152 डी पर बुचावास कट के पास एक वॉल्वो बस सड़क किनारे खड़े लोहे के एंगल से भरे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर मौत हो गई जबकि 16 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। एक्सीडेंट के बाद मौके पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 टूरिस्ट सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त वॉल्वो बस मनाली से जयपुर जा रही थी। जबकि लोहे के एंगलों से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। बताया जा रहा है कि वॉल्वो बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराई जिसके कारण लोहे के एंगलों ने बस का अगला हिस्सा सारा चीर डाला। इस हादसे में ड्राइवर-कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में मौजूद यात्री के अनुसार बस ड्राइवर को नींद आ रही थी इसलिए दुर्घटना के समय बस कंडक्टर चला रहा था।
वहीं घटना कि सूचना पाकर मौके पर पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे यात्रियों को विंडो के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि सभी घायलों का महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। बस में अधिकतर यात्री जयपुर और राजस्थान के ही रहने वाले हैं।
हादसे में जयपुर के विजयनगर निवासी बस के ड्राइवर 30 वर्षीय सोमवीर और 31 वर्षीय कंडक्टर दिलखुश की मौत हो गई। एक्सीडेंट में घायल अधिकतर लोग भी जयपुर के ही रहने वाले हैं। घायलों में जयपुर के 40 वर्षीय नलिन जैन, 28 वर्षीय प्रतीक, 49 वर्षीय सुरेंद्र, 38 वर्षीय सुभाष चंद्र, 44 वर्षीय आशीष, 29 वर्षीय यशस्वी, 46 वर्षीय वसीम अख्तर, 38 वर्षीय अभिमन्यु, 27 वर्षीय आशुतोष, 24 वर्षीय अविनाश, 25 वर्षीय गौरव, 28 वर्षीय प्रियंका और 25 वर्षीय प्राची शामिल हैं। इनके साथ ही हादसे में 30 वर्षीय सोहन निवासी चंडीगढ़, 30 वर्षीय रोहित निवासी दोसा, राजस्थान व 18 वर्षीय ख़ुशी निवासी पांवटा भी घायल हुई हैं।

