







दोआबा न्यूज़लाइन



दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
फतेहगढ़ साहिब: दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अमृतसर के गांव धरड़ निवासी 60 वर्षीय दिलबाग सिंह की मौत हो गई, जबकि 15 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पांच घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ सहित अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव धरड़ और आसपास के चार-पांच गांवों से करीब 50 श्रद्धालुओं का जत्था 23 नवंबर को हरियाणा के करनाल स्थित सत करतार गुरुद्वारा साहिब में गुरुपर्व मनाने के लिए गया था। बुधवार सुबह करीब 9 बजे संगत निजी बस में सवार होकर वापस अपने गांवों के लिए रवाना हुई थी। दोपहर करीब 12 बजे जब बस सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच पहुंची तो उसकी आगे चल रहे ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के कारण बस का ड्राइवर साइड वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पांच घायलों को गंभीर हालत में किया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) और थाना सरहिंद की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मंडी गोबिंदगढ़ और फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पतालों में पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने गांव धरड़ निवासी दिलबाग सिंह को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय इंदरपाल सिंह और उसके 30 वर्षीय पिता हरजीत सिंह को फतेहगढ़ साहिब से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। मंडी गोबिंदगढ़ अस्पताल से भी एक घायल को पीजीआई भेजा गया। इसके अलावा 62 वर्षीय करतार कौर को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल और 65 वर्षीय सतनाम सिंह को चंडीगढ़ सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया।
हाईवे पर लगा जाम, क्रेन से हटाए वाहन
दुर्घटना के कारण दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात प्रभावित होने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और डिवाइडर पर फंसे ट्रक को हटवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू करवाया गया।
घटनास्थल पर एसएसपी शुभम अग्रवाल, एसपी (डी) अमनदीप सिंह बराड़ और डीएसपी गुरदीप सिंह भी पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि सभी घायलों का बेहतर इलाज करवाया जा रहा है। बस में सवार अन्य सुरक्षित श्रद्धालुओं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, को पुलिस वाहनों के माध्यम से नजदीकी गुरुद्वारा साहिब पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से उन्हें सुरक्षित गांवों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घायलों में शामिल श्रद्धालु: दलीप सिंह (65), निवासी सुल्तानविंड; सुरमेल सिंह (52), निवासी घा; मंजीत कौर (30), निवासी खेराबाद; राजिंदर सिंह (50), निवासी अमृतसर; गुरिंदर सिंह (46), निवासी वेरका; गुररहमत कौर (22), निवासी धरड़; गुरमीत कौर (60), निवासी खेराबाद; मंजीत कौर (60), निवासी मियाविंड और मंगल सिंह (65), निवासी राणा कलां।


