







दोआबा न्यूज़लाइन



जालंधर : संस्कृति के.एम. वी. स्कूल में सहोदया अंतर-विद्यालय अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “As Machines गेट Smarter, Is Human Intelligence Losing Its Value?” अर्थात् ‘जैसे-जैसे मशीनें अधिक
बुद्धिमान हो रही हैं, क्या मानव बुद्धिमत्ता अपना महत्त्व खो रही है?’ था। प्रतियोगिता में 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते प्रभाव, तकनीकी विकास तथा मानव बुद्धिमत्ता की प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावशाली अभिव्यक्ति, भाषायी दक्षता, आत्मविश्वास तथा समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचारों को सशक्त तर्कों, प्रासंगिक उदाहरणों और प्रभावशाली प्रतिवादों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की विषय पर गहरी समझ, विचारों की स्पष्टता और त्वरित प्रत्युत्तर देने की क्षमता विशेष रूप से सराहनीय रही।
प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल में दीपक मेहता, एम.एससी. एंटोमोलॉजी, जनरल मैनेजर, मैकलियोड रसेल प्राइवेट लिमिटेड तथा डॉ० सिमरन सिद्धू, एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, दोआबा कॉलेज, जालंधर शामिल थे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों
के विचारों की मौलिकता, तर्कों की प्रासंगिकता, भाषा-शैली, प्रस्तुतीकरण और प्रतिवाद कौशल के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
इस दौरान प्रतियोगिता में मेयर वर्ल्ड स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल टीम ट्रॉफी पर अपना एकाधिकार जमाया। विद्यालय का प्रतिनिधित्व आरव ठाकुर और प्रणवी ग्रोवर ने किया। आरव ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ प्रतिवाद (Best Rebuttal) के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एसटीएस वर्ल्ड स्कूल के दलजीत सिंह ने सर्वश्रेष्ठ वक्ता (Best Speaker) का खिताब अपने नाम किया। व्यक्तिगत श्रेणी में शिव ज्योति पब्लिक स्कूल के तक्षदीप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संत रघबीर सिंह एम्स पब्लिक स्कूल की देवांशी द्वितीय तथा एपीजे स्कूल के विहान जुनेजा
तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति और प्रभावशाली वक्तव्य कला के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्या रचना मोंगा ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए प्रतिभागियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीक का विस्तार निश्चित रूप से मानव जीवन को नई संभावनाएँ प्रदान कर रहा है, लेकिन तकनीकी दक्षता कभी भी मानवीय संवेदनाओं, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों, विवेक और आलोचनात्मक चिंतन का पूर्ण विकल्प नहीं बन सकती।
उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग ज्ञान एवं सृजनात्मकता के विस्तार के लिए करने तथा अपनी स्वतंत्र सोच और मानवीय मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को न केवल अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया, बल्कि बदलते तकनीकी परिदृश्य में मानव बुद्धिमत्ता की भूमिका पर गंभीरता से विचार करने के लिए भी प्रेरित किया। प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन इस विचार को सुदृढ़ करने में सफल रहा कि तकनीक की वास्तविक सफलता मानव बुद्धिमत्ता का स्थान लेने में नहीं, बल्कि मानव क्षमताओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सहायक होंगे।


