



दोआबा न्यूज़लाइन


रेस्क्यू टीम ने 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला


भागलपुर: बिहार के भागलपुर से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि भागलपुर के नवगछिया में बुधवार दोपहर में गंगा नदी में राहत और बचाव कार्य में लगे मजदूरों से भरी जल संसाधन विभाग की नाव अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गई। देखते ही देखते नाव पूरी पानी में समा गई। हादसे में 2 मजदूर लापता है जबकि बाकि 19 मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया गया है।
नाव डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही SDRF की टीम मोटरबोट और अन्य संसाधनों के साथ राहत-बचाव कार्य में जुट गई। SDRF की टीम ने अभियान चलाकर 7 अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि 2 मजदूरों की तलाश अभी जारी है। लापता मजदूरों की पहचान 22 वर्षीय बादल मंडल निवासी लोदीपुर और 55 वर्षीय सिकंदर मंडल निवासी सिमरिया गांव के रूप में हुई है।


बताया जा रहा है कि नवगछिया में बांध टूटने के बाद इलाके में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे गंगा नदी में राहत और बचाव का काम चल रहा था। इसी दौरान जल संसाधन विभाग की नाव मजदूरों को लेकर गंगा नदी में जा रही थी। नदी में तेज जलप्रवाह के कारण नाव अचानक अनियंत्रित हो गई और बीच धारा में पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय नाव पर कुल 21 मजदूर सवार थे। जिनमें से 12 मजदूर तैरकर किसी तरह सुरक्षित घाट तक सुरक्षित पहुँच गए। जिसके बाद SDRF की टीम ने अभियान चलाकर 7 अन्य मजदूरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन अभी 2 मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। जिनकी तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। गोताखोरों की मदद भी ली जा रही है, लेकिन तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।



