



दोआबा न्यूज़लाइन


लोहे की बैरिकेडिंग पर गिरने से महिला के सिर में आई गंभीर चोट


मधेपुरा: सावन के अंतिम सोमवार के दिन आज बिहार में मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम से भगदड़ की खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में सावन के अंतिम सोमवार के दिन आज भोले बाबा के जलाभिषेक के लिए आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में एक महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है जबकि 8 लोग घायल भी हुए हैं।

बताया जा रहा है कि सावन का अंतिम सोमवार होने के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा थी। जिसके कारण लाइनों में लगे भक्तों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कतार टूटने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जिसके कारण कुछ श्रद्धालु गिर गए और चोटिल हो गए। वहीं भगदड़ के बीच भीड़ को काबू करते हुए एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, यहना तक की उसकी वर्दी भी फट गई। बताया जा रहा है कि सिंहेश्वर धाम में रविवार देर रात रात 1 बजे सरकारी पूजा के बाद पट खुलते ही हजारों की भीड़ मंदिर पहुंच गई।


वहीं मंदिर में भगदड़ की सूचना मिलते ही मधेपुरा डीएम, एसपी, एसडीएम और एसडीपीओ मंदिर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घटना के बाद तुरंत पुलिस और अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू कर लिया। फिलहाल मंदिर में पूजा और जलाभिषेक जारी है। दौरान अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर भीड़ को कतार में किया गया। वहीं घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।



