दोआबा न्यूज़लाइन
वोटिंग मशीनों के रख-रखाव व सुरक्षा का लिया जायजा
जालंधर: भारत चुनाव आयोग के निर्देशों अनुसार डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने आज जिला स्तरीय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम.) वेयरहाउस का तिमाही निरीक्षण किया । इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान वालिया ने स्थानीय जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स स्थित वेयरहाउस में स्टोर की गई वोटिंग मशीनों, उनके रख-रखाव और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने वेयरहाउस में वोटिंग मशीनों की निगरानी के लिए लगाए गए सी.सी.टी.वी. कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, लॉग बुक एंट्री सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।
उन्होंने अधिकारियों से बातचीत करते हुए वोटिंग मशीनों की देखभाल और सुरक्षा संबंधी चुनाव आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।
इस दौरान उनके साथ सहायक कमिश्नर (जनरल) वरुण कुमार, चुनाव तहसीलदार डा. दीपक राज और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।




