



दोआबा न्यूज़लाइन


श्रीनगर: श्रीनगर में फिर घुसपैठियों ने फिर एक बड़े आतंकी हमले को अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार शाम दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम गांव में आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के नाम पूछकर उनमें से 2 हिन्दू मजदूरों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और फिर वहां से फरार हो गए। हमले में घायल दोनों मजदूरों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।



वहीं इस आतंकी हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षाकर्मियों द्वारा हमलावरों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक पहलगाम की तरह इस हमले में भी आतंकियों ने सभी मजदूरों से 2 हिन्दू मजदूरों को ही चुनकर मारा है।
बताया जा रहा है कि मारे गए युवकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हमले के दौरान 10-12 राउंड फायर की आवाज सुनाई दी गई थी। कहा यह भी जा रहा है कि आतंकियों ने हमले से पहले रेकी कर ये इलाका चुना था। हमले के समय घटनास्थल पर कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हिंदू सिर्फ यही दोनों थे। जिनको हमलावरों ने अपना शिकार बनाया।


सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को हमले में एक स्थानीय और 1 पाकिस्तानी आतंकी के शामिल होने का संदेह है। शुरुआती जांच में शक मोहम्मद लतीफ पर है। क्योंकि बताया जा रहा है कि वह पिछले साल लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हुआ था। अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
आतंकी हमले के बाद जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुःख जताते हुए हमले में मारे मजदूरों के परिवार को पहले से दिए जा रहे ₹6 लाख के मुआवजा के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से भी ₹10 लाख की राहत राशि प्रदान की जाएगी।



