

दोआबा न्यूज़लाइन

पटना: बिहार की राजधानी पटना से गुरुवार सुबह एक बड़े दुःखदाई हादसे की खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार पटना के बाढ़ अनुमंडल में आज सुबह उमानाथ गंगा घाट के पास गंगा नदी में एक छोटी नाव पलट गई। हादसे में नाव पर सवार 2 लोगों की डूबने की वजह से मौत हो गई है जबकि 5 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर बचाव और राहत कार्य के लिए प्रशासन और SDRF की टीमें पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक़्त नाव में करीब 14 से 15 लोग सवार थे। हादसे के वक़्त नाव नदी पार कर रही थी, तभी अचानक तेज हवा चली और नाव असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए भागे और उन्होंने दूसरी नाव लेकर कुछ लोगों को नदी से बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी में करीब 7 लोगों के डूबने की आशंका जताई गई थी। लेकिन बाद में नदी से 2 शव बरामद हो गए लेकिन अभी भी 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
वहीं एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। उनके मुताबिक नाव पर कुल 14 लोग सवार थे। जिनमें से 7 लोगों को सुरक्षित बहार निकाल लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि पांच अन्य लोगों की तलाश जारी है।


