



दोआबा न्यूज़लाइन


चंडीगढ़: फगवाड़ा में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्रद्धालुओं के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान केजरीवाल ने पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ की सराहना करते हुए कहा कि योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाकर सरकार उनकी सेवा कर रही है।


केजरीवाल ने आगे यह भी कहा कि पंजाब के बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद को आधुनिक युग का श्रवण कुमार साबित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का विस्तार किया है और इसके तहत करीब 1.5 लाख श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब में सनातन धर्म के लिए जितना काम मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार कर रही है, उतना पहले कभी किसी सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ सरकार प्रदेश में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव को भी मजबूत करने के लिए काम कर रही है।


मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना और भाईचारे को रेखांकित करते हुए कहा कि पंजाब ऐसी धरती है, जहां नफरत का बीज छोड़कर हर बीज प्रेम का पनप सकता है। कार्यक्रम में धार्मिक भजनों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और नेताओं के संदेश को सुना।



