Home चंडीगढ़ अकाली नेता सुखबीर बादल पर नांदेड़ में हुए हमले की HC की निगरानी में हो जांच : शिअद

अकाली नेता सुखबीर बादल पर नांदेड़ में हुए हमले की HC की निगरानी में हो जांच : शिअद

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

शिअद ने कहा– हमले के पीछे की साजिश का हो पर्दाफाश, केंद्र सरकार से की निष्पक्ष जांच की मांग

चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने वीरवार को नांदेड़ साहिब के एक गुरुद्वारा साहिब में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को गंभीर मामला बताते हुए इसकी जांच हाईकोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि हमले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर इसके पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।

शिअद नेताओं ने कहा कि सुखबीर बादल पर हुए हमले को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अकाली नेताओं बलविंदर सिंह भुंदड़, डॉ. दलजीत सिंह चीमा और अर्शदीप सिंह कलेर ने मांग की कि घटना की जांच में अमृतसर में उनपर हुए पहले हमले को भी शामिल किया जाना चाहिए। नेताओं का आरोप है कि दोनों हमलों के पीछे एक ही मकसद हो सकता है।

आगे अकाली नेताओं ने यह भी कहा कि दोनों घटनाओं का उद्देश्य सुखबीर सिंह बादल को निशाना बनाकर अकाली दल को कमजोर करना था। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी सुखबीर बादल पर हुए दूसरे कातिलाना हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अकाली दल के नेतृत्व को खत्म करने की साजिश का हिस्सा है। मजीठिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने अब भी मामले की उचित जांच नहीं करवाई तो भविष्य में तीसरा हमला भी हो सकता है।

शिअद ने दोहराया कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र और उच्चस्तरीय एजेंसी से कराई जाए तथा हाईकोर्ट की निगरानी में जांच होने से निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी।

 

 

You may also like

Leave a Comment