



दोआबा न्यूज़लाइन


चंडीगढ़: देश में बढ़ती महंगाई और लगातार आसमान छू रही चीनी की कीमतों का बुधवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने अनोखे तरीके से विरोध किया। कांग्रेस पार्टी ने आज चंडीगढ़ के सेक्टर 35 में स्थित कांग्रेस भवन में ‘चीनी का लंगर’ लगाकर 1 किलो चीनी के पैकेट जनता को फ्री में बांटे। इन चीनी के बांटे गए पैकेटों में खास बात यह देखने को मिली कि पैकेट पर कांग्रेस का चुनाव चिन्न हाथ का निशान छपा हुआ था।



वहीं चंडीगढ़ में फ्री चीनी बांटे जाने की खबर का पता लगने के बाद भारी संख्या में लोग सेक्टर -35 स्थित कांग्रेस भवन पहुंचे और भीड़ में लाइन में लगकर चीनी का पैकेट हासिल किया। इस दौरान लोगों के बीच धक्कामुक्की भी हुई और कुछ पैकेट फट भी गए। बता दें कि यहां प्रति व्यक्ति 1 किलो चीनी ही दी गई।
जानकारी के अनुसार इस चीनी के लंगर में कुछ लोगों को लम्बी लाइनों में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ा। क्योंकि जब वह काउंटर तक पहुंचे तब तक चीनी ख़त्म हो चुकी थी। काउंटर पर खड़े लोगों ने कहा कि चीनी खत्म हो गई है।


वहीं इस चीनी के लंगर पर बोलते हुए कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह ने कहा कि ये लोगों के लिए मदद नहीं है बल्कि वह सिर्फ सरकार को जगाने का प्रयत्न कर रहे हैं ताकि वह लगातार बढ़ती महंगाई की तरफ ध्यान दे। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।



