



दोआबा न्यूज़लाइन


पंजाब: गुरूवार को कई जिलों में देर रात, आसमान में अचानक तेज और चमकदार रोशनी दिखाई दी। जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि अमृतसर, तरनतारन, पठानकोट समेत कई इलाकों में यह नजारा देखने को मिला है। घटना की वीडियो और तस्वीरें कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कई लोग इसे उल्का पिंड समझ रहे है। जबकि कुछ ने इसे किसी दूसरी खगोलीय घटना से जोड़कर देखा। हालांकि, अभी तक किसी भी सरकारी विभाग या वैज्ञानिक संस्था ने इसकी पुष्टि नहीं की है।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसमान में कुछ सेकेंड के लिए बहुत तेज रोशनी दिखाई दी। जो तेजी से आगे बढ़ी और फिर अचानक गायब हो गई। लोगों का कहना है कि यह न तो बिजली कि चमक जैसी थी और न ही आतिशबाजी जैसी। वायरल वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोगों का मानना है कि यह वायुमंडल में प्रवेश करता हुआ उल्का पिंड (Meteor) हो सकता है।

पठानकोट में भी रात करीब 8:40 बजे ऐसा ही नजारा देखने का दावा किया गया। मिशन रोड से गुजर रहे राजेश ने बताया कि उन्हें कुछ सेकंड के लिए ऐसा लगा जैसे आसमान में अचानक बहुत बड़ी लाइट जल गई हो और फिर तुरंत गायब हो गई। उन्होंने कहा कि यह नजारा किसी बड़े पटाखे जैसा लग रहा था। जानकारी के अनुसार, उल्का पिंड अंतरिक्ष में घूमने वाले पत्थर या धातु के टुकड़े होते हैं। जो पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते समय घर्षण के कारण तेज रोशनी पैदा करते हैं। यदि उनका कुछ हिस्सा पृथ्वी की सतह तक पहुंच जाता है। तो उसे उल्का पिंड कहा जाता है। फिलहाल, पंजाब में दिखाई देने वाली इस रहस्यमयी रोशनी की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।





