Home जालंधर BREAKING : पंजाब में AAP ने 40 विधानसभा सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, सीएम भगवंत मान सहित कई मंत्रियों को मिली टिकट, जालंधर की सीटों पर अभी सस्पेंस बरकरार

BREAKING : पंजाब में AAP ने 40 विधानसभा सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, सीएम भगवंत मान सहित कई मंत्रियों को मिली टिकट, जालंधर की सीटों पर अभी सस्पेंस बरकरार

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाईन

जालंधर : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज करते हुए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक घोषणा में राज्य की 40 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान से लेकर कई मौजूदा विधायकों और मंत्रियों को दोबारा चुनावी मैदान में उतारा गया है।

खास बात यह है कि पार्टी ने जालंधर जिले की विधानसभा सीटों को लेकर अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। जिले की किसी भी सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में जालंधर की राजनीतिक गतिविधियों के बीच अब स्थानीय नेताओं और संभावित दावेदारों की नजर पार्टी की अगली सूची पर टिक गई है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी से फिर लड़ेंगे चुनाव

जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री भगवंत मान को संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा, लुधियाना पूर्व से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी और लुधियाना उत्तर से चौधरी मदन लाल बग्गा को टिकट दिया गया है। लुधियाना जिले की कई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ पार्टी ने इस क्षेत्र में अपनी चुनावी रणनीति के संकेत दिए हैं।

दोआबा में भी दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित

दोआबा क्षेत्र में पार्टी ने नकोदर से इंदरजीत कौर मान और करतारपुर से बलकार सिंह को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि जालंधर जिले की बाकी सात विधानसभा सीटों पर अभी कोई नाम घोषित नहीं किया गया है। इनमें जालंधर नॉर्थ, जालंधर सेंट्रल, जालंधर वेस्ट, जालंधर कैंट, आदमपुर, फिल्लौर और शाहकोट शामिल हैं। यानी जालंधर शहर की चारों सीटों पर भी पार्टी ने फिलहाल उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है।

ऐसे में जालंधर में मेयर विनीत धीर को जालंधर नॉर्थ का हलका इंचार्ज बनाए जाने और अन्य नेताओं की राजनीतिक दावेदारी के बीच टिकट को लेकर चर्चाएं तेज होना तय है। हालांकि पार्टी की आधिकारिक सूची में इन सीटों के लिए अभी किसी नेता के नाम पर मुहर नहीं लगाई गई है।

अमृतसर, गुरदासपुर और तरनतारन में भी प्रत्याशी घोषित

पार्टी ने बटाला से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और खेमकरण से सरवन सिंह धुन्न को उम्मीदवार बनाया है।

होशियारपुर जिले में दसूहा से करमबीर सिंह घुम्मण, उर्मर से जसवीर सिंह राजा गिल, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा और चब्बेवाल से इशांक कुमार चब्बेवाल को टिकट दिया गया है। गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रौड़ी को चुनाव मैदान में उतारा गया है। नवांशहर क्षेत्र की बलाचौर सीट से संतोष कटारिया को उम्मीदवार बनाया गया है।

रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब में इन नेताओं पर जताया भरोसा

रूपनगर से दिनेश चड्ढा, एसएएस नगर (मोहाली) से कुलवंत सिंह, फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय और अमलोह से गुरिंदर सिंह गैरी वड़िंग को उम्मीदवार घोषित किया गया है। समराला से जगतार सिंह दयालपुरा को टिकट दिया गया है।

लुधियाना की सीटों पर भी कई नामों का ऐलान

लुधियाना क्षेत्र में पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी, लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा और लुधियाना नॉर्थ से चौधरी मदन लाल बग्गा को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा पायल से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को टिकट दिया गया है।

मालवा क्षेत्र में भी कई मौजूदा विधायकों को मौका

मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, बाघापुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद और धर्मकोट से देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस को उम्मीदवार घोषित किया गया है। जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी और फाजिल्का से नरेंद्रपाल सिंह सवना को टिकट मिला है।

श्री मुक्तसर साहिब से जगदीप सिंह काका बराड़, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां और जैतो से अमोलक सिंह को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

मानसा, बरनाला और संगरूर में भी प्रत्याशियों के नाम तय

तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावाली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी और अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जन माजरा को उम्मीदवार बनाया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी से टिकट दिया गया है। वहीं पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

पंकज गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी हुई सूची

आम आदमी पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक पत्र पर राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता के हस्ताक्षर हैं। 31 अक्टूबर 2026 की तारीख वाले इस पत्र में पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कुल 40 उम्मीदवारों के नाम दर्ज हैं। पार्टी ने अभी सभी 117 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। शेष सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर अब अगली सूची का इंतजार रहेगा।

पहली सूची में घोषित सभी 40 उम्मीदवार

 

 

You may also like

Leave a Comment