



दोआबा न्यूज़लाइन


सुखबीर बादल पर हमले की निष्पक्ष जांच की मांग, कहा- धार्मिक स्थल पर हिंसा चिंताजनक


चंडीगढ़ : पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने तख्त श्री हजूर साहिब में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पवित्र धार्मिक स्थल पर इस तरह की हिंसक घटना होना बेहद दुखद और चिंताजनक है। हिंसा का किसी भी सभ्य समाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई स्थान नहीं है।
ढिल्लों ने आगे यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद और असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन मतभेदों को हिंसा का रूप देना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच करवाने की मांग की, ताकि हमले के वास्तविक कारणों और इसके पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।


उन्होंने कहा कि पंजाब का इतिहास लंबे समय तक हिंसा और आतंकवाद के दौर से गुजर चुका है, जिसके कारण समाज को भारी नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में प्रदेश को किसी भी परिस्थिति में दोबारा हिंसा के अंधेरे दौर की ओर नहीं जाने दिया जा सकता।
भाजपा नेता ने सुखबीर सिंह बादल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए महाराष्ट्र सरकार से भी घटना की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।



