



दोआबा न्यूज़लाइन


मुंबई: मुंबई से बुधवार सुबह एक बड़ी प्राकृतिक आपदा की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के सुबह मुंबई के घाटकोपर-कुर्ला इलाके में अचानक पहाड़ी खिसकने से लैंडस्लाइड हो गया। लैंडस्लाइड के कारण चिराग नाहगर इलाके के गौसिया चाल में पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर कई घरों पर जा गिरा। लैंडस्लाइड होने के कारण मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना बुधवार तड़के लगभग 3:00 बजे से 3:48 बजे के बीच की बताई जा रही है। जिस वक़्त अधिकतर लोग अपने घरों में सो रहे थे।



वहीं हादसे की सूचना पाकर मौके पर BMC के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ फायर ब्रिगेड, NDRF, पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गईं। BMC के अधिकारियों के अनुसार मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए रेस्क्यू टीम स्पेशल विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों की मदद ले रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता केवल 3 से 3.5 फीट चौड़ा है, संकरी गलियां होने के कारण भारी मशीनरी घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रही हैं। जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। उनके अनुसार मलबा को पहले व्रेकर की मदद से निकाला जा रहा है। इसके बाद बाल्टियों में भरकर हाथ से हटाया जा रहा है। जिसके कारण बचाव कार्य में ज्यादा समय लग रहा है।
वहीं घटना के सम्बन्ध में DCP गणेश शिंदे ने बताया कि 3-4 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हालांकि सही आंकड़े की अभी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं हादसे की वजह तेज बारिश बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक हादसे में मारे गए लोगों के शव अस्पताल भिजवा दिए गए हैं। वहीं घायलों को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


वहीं हादसे के बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं प्रत्येक घायल व्यक्ति के इलाज के लिए ₹50 हजार कि सहायता राशि देने देने की भी घोषणा की है।
इसके साथ ही मेयर ने मौके पर मौजूद सभी एजेंसियों को रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने और आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार अभी रेस्क्यू और इमरजेंसी ऑपरेशन जारी है।



