



दोआबा न्यूज़लाइन


CCTV में कैद चोरी की पूरी वारदात


जालंधर: पंजाब के जालंधर में दिन ब दिन चोरी और लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला आज तड़के सुबह जालंधर की इनकम टैक्स कॉलोनी रोड स्थित क्वालिटी स्वीट बेकरी में चोरी का सामने आया है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह 2 चोरों ने बेकरी के ताले तोड़कर 2 लाख रुपये के कैश पर हाथ साफ़ किया और वहां से फरार हो गए।
चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है जिसमें साफ़ देखा जा रहा है कि 2 चोर सुबह करीब 4:30 बजे दुकान पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने दुकान के ताले तोड़े और अंदर घुसकर तिजोरी से 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी चुरा ली और वहां से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पहली चोरी के लगभग आधे घंटे बाद दोनों चोर दोबारा दुकान पर आए और दूसरी जगह रखे 75 हजार रुपये से अधिक की नकदी तथा कुछ दस्तावेज भी लेकर दोबार वहां से फरार हो गए।


वहीं घटना की जानकारी देते हुए बेकरी के मालिक ने बताया कि जब सुबह लेबर दुकान खोलने पहुंची तो उन्होंने ताले टूटे देखे और पाया की नकदी गायब थी। उन्होंने यह भी बताया कि दो चोरों ने दो बार वारदात को अंजाम दिया। उनके अनुसार एक चोर बाइक पर बाहर इंतजार कर रहा था, जबकि दूसरा दुकान के अंदर जाकर नकदी चुरा रहा था। दुकानदार ने आगे बताया कि चुराए गए पैसे उन्होंने दूध की पेमेंट और त्योहारी सीजन के लिए रखे हुए थे। जिसके बाद उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
वहीं घटना की सूचना पाकर थाना 6 की एसएचओ राजवंत कौर मौके पर पहुंचीं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दुकानदार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है ताकि चोरों की पहचान हो और जल्द उनकी गिरफ़्तारी की जा सके।



