







दोआबा न्यूज़लाइन



पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में CBI ने घूसखोर सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के घर पर रेड कर एक बड़ी कार्रवाई की है। छापामारी के दौरान सीबीआई की टीम ने घर से करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, सोने- चांदी के गहनों सहित अन्य कीमती सामान बरामद किया है। सीबीआई ने आरोपी अधिकारी को 19 नवंबर को एक निजी फर्म से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने इसकी आधिकारिक जानकारी शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
सीबीआई के मुताबिक आरोपी CGST सुपरिंटेंडेंट पर एक निजी फर्म से जीएसटी मामले में अनुचित लाभ पहुंचाने की एवज में मोटी रिश्वत मांगने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाकर लगाकर आरोपी अधिकारी को 10 लाख रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। जिसके बाद CBI ने आरोपी की गिरफ़्तारी के अगले दिन 20 नवंबर को उसके घर पर छापेमारी की थी।
इस दौरान सीबीआई की टीम ने घर से भारी मात्रा में नकदी, सोना- चांदी और संपत्ति जब्त किए गए हैं। टीम के अनुसार घर से 24.29 लाख रुपये की भारतीय नकदी और करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद हुई। तलाशी में सोने के आभूषण, सोने की ईंटें नकदी और जेवरात के अलावा सीबीआई के हाथ छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसियों और कई अचल संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लगे हैं। इसके साथ ही आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वाहनों तथा संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से संबंधित कागजात भी जब्त किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सीबीआई अब इन दस्तावेजों की गहनता से जांच कर आरोपी और उसके परिजनों की आय से अधिक संपत्ति का पता लगाने में जुट गई।


