







दोआबा न्यूज़लाइन



जालंधर: जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा समाज विरोधी तत्वों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के अंतर्गत सीआईए स्टाफ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से 668 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह करवाई जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा निर्देशों पर विनीत अहलावत, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक (जांच) तथा लखविंदर सिंह, पीपीएस, उप पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव) के नेतृत्व में और इंस्पेक्टर पुष्प बाली, इंचार्ज सीआईए स्टाफ जालंधर ग्रामीण की अगुवाई में की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी विर्क ने बताया कि सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर पुष्प बाली को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के बाहर के कुछ नशा तस्कर भोगपुर क्षेत्र में बड़े स्तर पर हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर दिनांक 14 नवंबर 2026 को एएसआई सुभाष कुमार के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ की टीम को भोगपुर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के लिए रवाना किया गया।
वहीं गश्त के दौरान पुलिस पार्टी को आदमपुर से भोगपुर रोड पर जालंधर-पठानकोट मुख्य मार्ग पर गांव कुरेशियां के नजदीक सुनसान जगह पर एक बाइक सवार युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह घबराकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस पार्टी ने काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान बूटा सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी गांव मुन्नन, थाना भैणी मियां खान, जिला गुरदासपुर बताई। तलाशी के दौरान आरोपी के काले रंग की मोटरसाइकिल नंबर पीबी-06-बिक्यू -2761, मार्का प्लेटिना से 668 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में मुकदमा नंबर 237 दिनांक 14.11.2026, धारा 21/सी-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना भोगपुर में दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी बूटा सिंह ने बताया कि उसने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और इसके बाद मजदूरी करने लगा था। वह पुलिस भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। उसके खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं तथा वह वर्ष 2024 में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद जल्दी अमीर बनने की चाहत में उसने हेरोइन का कारोबार शुरू कर दिया। वह सीमावर्ती क्षेत्र से सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदकर भोगपुर और जालंधर के आसपास के कस्बों में सप्लाई करता था।
आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे बरामद हेरोइन के स्रोत, इसकी सप्लाई किए जाने वाले व्यक्तियों तथा पहले की गई सप्लाई के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इसके अलावा आरोपी द्वारा नशा तस्करी के माध्यम से कथित तौर पर अर्जित की गई चल और अचल संपत्तियों को अटैच करने के लिए भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उसके आगे-पीछे के संबंधों की भी जांच की जा रही है।


