

दोआबा न्यूज़लाइन

रेहड़ी वाले की मदद के लिए मसीहा बने राहगीर और स्थानीय लोग, पैसे जुटाकर की रेहड़ी वाले की मदद


जालंधर: पंजाब के जालंधर में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ दिन ब दिन ऊपर ही उठता दिख रहा है। इसी कड़ी में सोमवार देर रात शहर के व्यस्त श्री गुरु रविदास चौक पर एक सड़क हादसा पेश आया। मिली जानकारी के अनुसार एक्सीडेंट में एक तेज रफ़्तार कार ने अन्य कार को ओवरटेक करने के चक्कर में एक रेहड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में रेहड़ी वाले की जान बच गई। लेकिन रेहड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सारा सामान सड़क पर बिखर गया।
वहीं पीड़ित रेहड़ी वाले लखन ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि वह रोजाना मेहनत करके मुश्किल से 300-400 रुपए कमा पाता है। लेकिन इस हादसे के कारण उसे करीब 12 से 13 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही उसने कहा कि रेहड़ी टूट जाने के कारण तो फिलहाल उसका रोजगार ही पूरी तरह ठप हो गया है। वहीं घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और एक ट्रक ड्राइवर ने इंसानियत की मिसाल पेश की। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और राहगीर लखन की मदद के लिए आगे आए और सड़क पर बिखरा उसका सारा सामान इकट्ठा कराया। वहीं राहगीरों ने इकठ्ठा होकर पीड़ित के लिए कुछ अधिक सहायता भी जुटाई ताकि वह अपने परिवार का गुजरा कर सके।


मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कार ड्राइवर की जल्दबाजी और लापरवाही ने सड़क किनारे जा रहे लखन की रेहड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और उसका भरी नुकसान कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़ी पूरी तरह टूट गई और लखन का दिनभर का सामान सड़क पर बिखर गया। बड़ी बात तो यह रही कि टक्कर मारने के बाद कार चालक रुका नहीं बल्कि मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने कार का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह तेज गति के कारण पकड़ा नहीं जा सका। वहीं अंधेरा और तेज गति की वजह से कोई भी व्यक्ति वाहन का नंबर भी नोट नहीं कर पाया।


