
दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर जिले में जल्द ही नेशनल हाउसहोल्ड इनकम सर्वे शुरू होने जा रहा है। इस सर्वे का उद्देश्य शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की आय, खर्च और आर्थिक स्थिति के बारे में सटीक जानकारी जुटाना है। इसके लिए सर्वे टीमों को दो दिन की विशेष ट्रेनिंग भी दी गई है, जिसके बाद वे घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगी।
इस सर्वे में परिवारों से करीब 15 प्रमुख सवाल पूछे जाएंगे। इनमें परिवार की कुल आय, आय के स्रोत, परिवार के सदस्यों का रोजगार, खेती या व्यापार से होने वाली कमाई, किराया, पेंशन या बैंक ब्याज से मिलने वाली आय जैसी जानकारियां शामिल होंगी। इसके अलावा सर्वेयर यह भी जानेंगे कि परिवार हर महीने राशन, कपड़े, मोबाइल, बिजली-पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर कितना खर्च करता है।

सर्वे के दौरान यह भी पूछा जाएगा कि परिवार ने पिछले वर्ष कोई बड़ा सामान जैसे फ्रिज, टीवी, मोबाइल या वाहन खरीदा है या नहीं। साथ ही परिवार के पास कृषि भूमि या अन्य संपत्ति की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार सर्वे में जुटाई गई सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस सर्वे के जरिए सरकार को आम लोगों की आर्थिक स्थिति और खर्च के पैटर्न का सही आंकलन करने में मदद मिलेगी। इसके आधार पर भविष्य में आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं और नीतियां तैयार की जा सकेंगी।

