




दोआबा न्यूज़लाइन


नोएडा: नोएडा में बुधवार देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक चलती AC बस में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस भयानक हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है। जबकि 20 यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। मरने वालों में 8 पुरुष और एक महिला हैं। ये हादसा बुधवार रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर हुआ।



बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9:30 बजे महोबा के लिए निकली थी। लेकिन रास्ते में बस में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी बस जल गई। बस में आग लगने के बाद कुछ यात्रियों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली और कुछ को रेस्क्यू कर लिया गया। लेकिन 9 यात्रियों की आग में जलने से मौत हो गई। बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है।

बस में आग लगने के बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया। बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे। इसके बाद एक-एक करके शव बाहर निकाले गए। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 2 घंटे चला। ज्यादातर शव बुरी तरह जल गए हैं, इसलिए उनकी पहचान मुश्किल हो रही है। शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन में आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने की सही वजह की जांच की जा रही है।


बस में सफर कर रहे यात्रियों का कहना है कि बस में जलने की बदबू आ रही थी। ड्राइवर-क्लीनर सिगरेट पी रहे थे। जिसका यात्रियों ने विरोध किया तो दोनों हंसने लगे। कुछ देर बाद बस में आग लग गई। आग के बावजूद ड्राइवर ने तुरंत बस नहीं रोकी। यात्रियों के शीशे तोड़ने के बाद बस रोकी गई। कहा यह भी जा रहा है कि बस के पहले 19 चालान हो चुके हैं और ₹1.75 लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है।
घटना के बाद सूचना पाकर पुलिस मौकेपर पहुंची और बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।



