



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: शहर में हाईवे की सर्विस लेन की बदहाल स्थिति को लेकर नगर निगम के मेयर विनीत धीर ने गंभीर रुख अपनाया है। हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ हुई विशेष बैठक में उन्होंने सर्विस लेन की सफाई, टूटी सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।


पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद हाईवे की सर्विस लेन पर पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह सड़कें टूटने और गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बैठक में मेयर ने इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
मेयर ने कहा कि सर्विस लेन का रखरखाव हाईवे अथॉरिटी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान जलभराव वाली जगहों की पहचान कर पानी की निकासी के उचित प्रबंध किए जाएं, ताकि लोगों को दोबारा परेशानी न झेलनी पड़े।


पूरे हाईवे पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश
बैठक में हाईवे के साथ बनी ड्रेन की सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मेयर ने पूरी ड्रेन की सफाई करवाने तथा नालियों की टूटी स्लैब को जरूरत के अनुसार बदलने के निर्देश दिए। इसके अलावा हाईवे पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के साथ-साथ जरूरत वाले स्थानों पर नई लाइटें लगाने को कहा गया।
मेयर ने गड्ढों और सड़क किनारे पड़े मलबे को भी हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि हाईवे जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर पर्याप्त रोशनी और बेहतर सड़क व्यवस्था बेहद जरूरी है।
अधिकारियों के खेदे की ऊपर तक शिकायत कर चुके हैं मेयर
मेयर विनीत धीर ने कहा कि वह पहले भी हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होता तो संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईवे की सर्विस लेन पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बरसात के दौरान जलभराव और टूटी सड़कों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने जरूरी हैं।
सड़क की खस्ताहालत को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन
हाईवे की सर्विस लेन और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने भी रोष जताया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सड़क की मरम्मत, जलनिकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। मेयर ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेयर ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है और हाईवे की सर्विस लेन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा।



