Home क्राईम जालंधर में बरसात के बीच पुलिस-बदमाश में मुठभेड़, पेट्रोल पंप फायरिंग केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जालंधर में बरसात के बीच पुलिस-बदमाश में मुठभेड़, पेट्रोल पंप फायरिंग केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर : जालंधर में आज बरसात के दौरान देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनकाउंटर के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह देहात क्षेत्र के अलावलपुर रोड पर गांव डोला के नजदीक पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसके बाद घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

वहीं पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ लड़ाई-झगड़े से जुड़े पुराने 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए बदमाश की पहचान लवप्रीत उर्फ लवी निवासी भुलत्थ के रूप में हुई है जो पिछले महीने जालंधर-भोगपुर हाईवे पर किशनगढ़ चौक स्थित पेट्रोल पंप पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में वांछित था।

जानकारी के अनुसार जालंधर देहात के अलावलपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई परमजीत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान जब वे अलावलपुर से गांव डोला की ओर जा रहे थे, तभी सामने से एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देख बदमाश ने भागने की कोशिश की और पास के एक खाली प्लॉट की तरफ मुड़ गया, लेकिन वहां फिसलन होने की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उक्त बाइक सवार वहीं गिर गया। जब पुलिस पार्टी ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने उनपर पकड़े जाने के डर से फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसके बाद सेल्फ डिफेंस में पुलिस ने भी फायरिंग की, जहां हाथ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस द्वारा घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जालंधर देहात के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि लवप्रीत उर्फ लोवी बीते 19 दिसंबर को किशनगढ़ चौक के पास एक पेट्रोल पंप पर हुई बड़ी वारदात में शामिल था। वहां दो गुटों में कॉलेज की प्रधानगी को लेकर बड़ा विवाद हुआ था, जिसमें 3 कारों में सवार बदमाशों ने करीब 15 राउंड फायर किए थे। उस दौरान गोली लगने से गुरप्रीत गोपी और सौरव नाम के 2 युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। उक्त मामले में पुलिस ने पहले ही 2 आरोपियों जतिंदर और रक्षित को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस मामले में लवप्रीत तब से फरार चल रहा था, लेकिन आज देहात पुलिस ने उसे काबू कर लिया है।


 

 

 

You may also like

Leave a Comment