



दोआबा न्यूज़लाइन


नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यानि गुरुवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन एसी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की बढ़ती मजबूती और विविधता पर विचारों का आदान-प्रदान किया।



उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ती आर्थिक साझेदारी का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि व्यापार, निवेश, शिक्षा और नवाचार संबंधों के विस्तार से नए अवसर पैदा होंगे और दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ मिलेगा। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच बढ़ते खेल संबंधों पर भी संतोष व्यक्त किया और भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2030 और ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले ओलंपिक 2032 से पहले घनिष्ठ सहयोग का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच जीवंत संपर्क हमारे संबंधों की मजबूती का स्रोत बना हुआ है। वहीं उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए गवर्नर जनरल मोस्टिन के दृढ़ समर्थन की भी सराहना की।


वहीं इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच आर्थिक सहयोग, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत और ऑस्ट्रेलिया पिछले कुछ वर्षों में अपने रणनीतिक संबंधों को लगातार नई ऊंचाइयों तक ले गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे और कई अहम समझौतों को भी गति मिल सकती है।



