दोआबा न्यूज़लाइन
शिमला: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर आज हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खू और राज्य्पाल शिव प्रताप शुक्ल ने शिमला में रिज स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सीएम सुक्खू ने पूर्व पीएम अटल बिहारी प्रतिमा पर प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक असाधारण राजनेता, प्रखर वक्ता और प्रतिभाशाली कवि थे। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा।


इस अवसर पर महापौर नगर निगम शिमला सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, आयुक्त नगर निगम भूपेन्द्र अत्री और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Governor ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
वहीं राज्यपाल शुक्ल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वाजपेयी एक ऐसे नेता थे जो हर एक के दिल में बसते थे। वह सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को साथ लेकर चले और यह साबित कर दिखाया कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा हो सकती है लेकिन शत्रुता नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का सामाजिक और राजनीतिक जीवन गरिमा, आनंद और सम्मान से परिपूर्ण था और उनका आचरण आज की राजनीति के लिए एक मार्गदर्शक उदाहरण होना चाहिए। राज्यपाल ने वाजपेयी को एक महान राजनेता, सच्चे राष्ट्रवादी और भारतीय राजनीति के सबसे बड़े नेताओं में से एक बताया, जो हमेशा देश हित के लिए मजबूती से खड़े रहे। हिमाचल प्रदेश के साथ अपने खास रिश्ते को स्मरण करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वाजपेयी जी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते थे और राष्ट्र के लिए उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक चौपाल बलबीर सिंह वर्मा, महापौर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चौहान, पूर्व मंत्री व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, उपायुक्त अनुपम कश्यप, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
