



दोआबा न्यूज़लाइन


होशियारपुर: होशियारपुर के मुकेरियां में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर दो टिपरों की भीषण टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि रेड लाइट होने के कारण आगे चल रहे टिपर ने अचानक ब्रेक लगा दी जिसके कारण पीछे से आ रहा टिपर उससे जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले टिपर का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसका ड्राइवर उसमें बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर लोग टिप्पर चालक की मदद के लिए भागे और घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। घायल टिप्पर चालक की पहचान सतनाम सिंह निवासी जालंधर के रूप में हुई है।


घटना के बाद आसपास के लोग और राहगीरों ने केबिन में सीट और स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंसे हुए ड्राइवर को करीब एक घंटे की कड़ी मशक्क्त और मशीनरी की मदद से केबिन काटकर बाहर निकाला निकाला। इसके बाद पुलिस और राहगीरों की मदद से उसे तुरंत एम्बुलेंस द्वारा मुकेरियां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे में गंभीर घायल टिप्पर चालक की दोनों टांगे टूट गई हैं। हादसे के बाद हाईवे वाहनों का लंबा जाम लग गया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारू कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों टिपर चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले वाले के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।





