







दोआबा न्यूज़लाइन



होशियारपुर: पंजाब के दसूहा से पुलिस-बदमाशों के बीच एनकाउंटर की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आज दोपहर दसूहा के बलगड़ा चौंक में बीच सड़क पर पुलिस ने फ़िल्मी स्टाइल में आरोपियों की गाड़ी का पीछा किया और फिर आरोपियों की गाड़ी पर भरे बाजार में अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के दौरान एक राहगीर गोली लगने से घायल हुआ है। घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद रफी के रूप में हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक मौके पर 6 राउंड फायर हुए, जिसमें से एक गोली सड़क पर जा रहे एक व्यक्ति की बाजू में लगी। जिसके बाद घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसे तुरन्त सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पुलिस की गाड़ी आरोपियों का पीछा कर रही थी, उस दौरान आरोपियों की कार ने कई गाड़ियों को भी हिट किया था। लोगों के अनुसार कार में 4 लोग थे जबकि पुलिस का कहना है कि 2 लोग सवार थे। जिनमें से एक को राउंडअप कर लिया गया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी की अभी पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर मौजूद लोगों के कहना है कि भीड़ में कार रुकने के बाद एक महिला सहित 3 कार सवार भाग निकले। जबकि एक आरोपी को पुलिस ने राउंडअप कर लिया है। दसूहा थाना पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा।
वहीं जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी गुरसाहिब सिंह ने बताया कि बीते 15 नवंबर को होशियारपुर के गढ़शंकर इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी। इसी मामले के संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दसूहा की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ने निकली पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए दसूहा में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार सवार आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने भी जवाबी करवाई की।


