
दोआबा न्यूज़लाइन
होशियारपुर से सांसद चब्बेवाल ने इस मामले में पुलिस को दी शिकायत
होशियारपुर: पंजाब के राजनितिक गलियारों से एक और बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के होशियारपुर से AAP सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम से एक संदिग्ध फ़ोन आया है। जिसमें कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अमित शाह बताकर सांसद चब्बेवाल को पहले जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें फिर उनसे दिल्ली आकर मिलने की बात कही। इस बात की शिकायत चब्बेवाल ने पुलिस को दी।

इस मामले में जानकारी देते हुए सांसद चब्बेवाल ने बताया कि बीते दिन गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और फिर दिल्ली आकर मिलने के लिए कहा। सांसद के मुताबिक कॉल करने वाले की आवाज अमित शाह जैसी लग रही थी, जिसके कारण वह खुद कुछ समय के लिए हैरान हो गए। चब्बेवाल ने कहा कि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर केंद्रीय गृहमंत्री की ओर से इस तरह फोन क्यों किया जाएगा। बाद में उन्हें मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने इस फ़ोन कॉल की शिकायत पुलिस को देने का फैसला किया। सांसद ने कहा कि उन्होंने इस अज्ञात नंबर और कॉल की जानकारी पुलिस के साथ साझा कर दी है ताकि पता लगाया जा सके कि यह कॉल किसने और किस उद्देश्य से की है।
AAP सांसद को भाजपा के केंद्र के नेता अमित शाह के नाम से कॉल आने का मामला अब राजनीतिक चर्चा का मुद्दा बन गया है। बता दें कि हाल ही में पंजाब से आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में लगातार यह चर्चा चल रही थी कि भाजपा अन्य नेताओं और सांसदों से भी संपर्क साधने की कोशिश कर रही है। लेकिन अब यह कॉल फिर एक बार चिंता का विषय बन गई है।
