



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: शहर के हंसराज महिला महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में कॉलेज की हेरिटेज सोसायटी के सहयोग से सांस्कृतिक मानसून उत्सव ‘तियां धियां नाल’ का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। एचएमवी परिवार की सम्मानित सदस्य श्रीमती अरुणिमा सूद मुख्य अतिथि के रूप में और रश्मि घई विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। रश्मि घई ने ‘तियां धियां नाल’ की भावना को समर्पित एक मधुर गीत प्रस्तुत किया।


समारोह में पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। पारंपरिक गीतों, संगीत, गिद्धा एवं भांगड़ा की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। अजीत सिंह फाउंडेशन (एनजीओ) की प्रतिनिधि श्रीमती रमनप्रीत कौर ने कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका निभाई। छात्रा रिधम को ‘मिस तियां’ के खिताब से नवाजा गया, जबकि संगीता अरोड़ा एवं प्रोतिमा मंडेर को ‘मिसेज तियां’ के रूप में सम्मानित किया गया। स्पोर्टिंग स्टाफ की सदस्य श्रीमती सोना को भी उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए सराहा गया।
कार्यक्रम में डिजाइन एवं कॉस्मेटोलॉजी विभागद्यद्य द्वारा लगाए गए ‘खीर और पूड़े’ के खाद्य स्टॉल भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समारोह को और भी जीवंत एवं यादगार बना दिया। प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) एकता खोसला ने कार्यक्रम की प्रभारी एवं पंजाबी विभाग की अध्यक्ष कुलजीत कौर सहित आयोजन टीम की सदस्य डॉ. अंजना भाटिया, डॉ. अश्मीन कौर, डॉ. रमा शर्मा एवं सविता मेहिंदरू को बधाई दी।


आगे उन्होंने यह भी कहा कि ‘तियां’ पंजाब में मनाया जाने वाले तीज पर्व है, जो मानसून के आगमन का प्रतीक है और विशेष रूप से बेटियों एवं बहनों को समर्पित है। डॉ. खोसला ने आगे कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक समारोह स्वतंत्रता, सांस्कृतिक पहचान एवं महिला सशक्तिकरण के प्रतीक हैं। समारोह में विभिन्न विभागों, विशेष रूप से पंजाबी विभाग के प्राध्यापक उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया।



