
दोआबा न्यूज़लाइन
DC ने अधिकारियों सहित साइक्लोथॉन में लिया हिस्सा, जिला वासियों से नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की
जालंधर : पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ए.पी.जे. स्कूल के सहयोग से आज ‘साइकिलोथान 4.0’ का आयोजन किया गया। साइक्लोथॉन में लगभग 2 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लेते हुए समाज के हर वर्ग को नशे के खिलाफ लामबंद होने का आह्वान किया। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने साइक्लोथॉन को ए.पी.जे. स्कूल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों सहित स्वयं भी साइक्लोथॉन में हिस्सा लेते हुए लोगों से नशे के खिलाफ मजबूत जन आंदोलन बनाने का न्योता दिया।


इस मौके पर संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ जंग छेड़ी हुई है, जिसमें हर वर्ग के लोगों द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी लड़ाई लोगों के सहयोग के बिना नहीं जीती जा सकती। उन्होंने कहा कि लोगों को नशों की समस्या के खिलाफ एकजुट करने और खासकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता गतिविधियों के तहत यह प्रयास किया गया है, जिसे जालंधर वासियों ने भरपूर समर्थन देते हुए साबित कर दिया है कि लोग नशे के अभिशाप को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए पंजाब सरकार के साथ खड़े है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए जहां नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उनकी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाया जा रहा है, ताकि पंजाब को नशा मुक्त और रंगला पंजाब बनाया जा सके। इस प्रयास में सहयोग देने के लिए डीसी वालिया ने ए.पी.जे. स्कूल और प्रिंसिपल डॉ. राजेश चंदेल की सराहना की।

इससे पहले डिप्टी कमिश्नर ने स्कूल में मौजूद प्रतिभागियों और अन्य लोगों से नशे के खिलाफ लड़ने, नशे के आदी व्यक्तियों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने तथा नशों के खिलाफ सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई।
उपरोक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि साइकिलोथान में जालंधर के अलावा लुधियाना, होशियारपुर समेत पंजाब के अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ऊर्जा से भरे यह युवा समाज के लिए प्रकाश स्तंभ बनेंगे और नशे के खिलाफ घर-घर संदेश पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत पंजाब सरकार द्वारा जहां नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं जागरूकता गतिविधियां भी शुरू की गई हैं।
इसके अलावा नशे की दलदल में फंसे मरीजों को बाहर निकालने के लिए नशा छुड़ाने के केंद्रों में मुफ्त इलाज भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ सभी की सक्रिय भागीदारी बहुत जरूरी है, ताकि नशे को जड़ से समाप्त किया जा सके। इसके बाद साइक्लोथॉन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी साइकिल क्लबों के अलावा साइक्लोथॉन को सफल बनाने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों तथा जिला ओलंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा साइक्लोथॉन में हिस्सा लेने वाले सबसे छोटी उम्र के साइकिल सवारों को सम्मानित किया गया। रेड क्रॉस और प्रयास स्कूल के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने भी साइक्लोथॉन में भाग लिया। प्रसिद्ध लोक गायक दलविंदर दयालपुरी और सहायक निदेशक युवा सेवाएं रवि दारा ने नशे के खिलाफ बोलियां बोल कर युवाओं को नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) तेजदीप सिंह सैनी, फिट बाइक्स क्लब के प्रधान परमजीत सिंह सचदेवा, वाइस चेयरमैन दलित विकास बोर्ड अजय पाल वाल्मीकि, प्रिंसिपल डॉ. राजेश चंदेल, ए.डी.सी.पी. जयंत पुरी, एस.डी.एम. जालंधर -1 नवदीप सिंह, एस.डी.एम. जालंधर -2 शायरी मल्होत्रा, एस.डी.एम. आदमपुर लाल विश्वास बैंस, एस.डी.एम. फिल्लौर दीपक भाटिया, ए.सी.पी. अशोक मीना, सहायक कमिश्नर (ज) आशा रानी, डिप्टी डी.ई.ओ. राजीव जोशी, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल, मॉडल टाउन शॉपकीपर एसोसिएशन के प्रधान राजीव दुग्गल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि साइक्लोथॉन तीन श्रेणियों में आयोजित की गई 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर जो ए.पी.जे. स्कूल मॉडल टाउन से शुरू होकर निर्धारित रूट तय करते हुए वापिस ए.पी.जे. स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई, जहां प्रतिभागियों के पहुंचने पर पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
21 किलोमीटर साइक्लोथॉन ए.पी.जे. स्कूल मॉडल टाउन, गीता मंदिर, ई.डी. दफ्तर, बिट्टू परदेसी, शहीद मेजर कपिल विनायक चौक, ताज फास्ट फूड (अर्बन एस्टेट-2), हवेली-क्यूरो रोड, व्हाइट डायमंड, सी.टी. शाहपुर कैंपस से वापस ए.पी.जे. स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। जबकि 10 किलोमीटर साइकिलोथान उक्त रूट पर व्हाइट डायमंड से वापिस ए.पी.जे. स्कूल पहुंची।
इसी प्रकार 5 किलोमीटर साइक्लोथॉन भी इसी रूट पर ताज फास्ट फूड से वापिस ए.पी.जे. स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। साइक्लोथॉन में पंकज गौतम, मंदीप प्रभाकर तथा बलराज चौहान समेत अन्य प्रमुख साइकिलिस्टों ने भी भाग लिया।
