
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब के जालंधर से सोमवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सुबह 7 से 9 बजे के बीच शहर के 10-12 स्कूलों को एक अनजान ईमेल ID से बम की धमकी वाला ईमेल मिला। इसकी जानकारी जालंधर पुलिस को तुरंत कंट्रोल रूम के ज़रिए मिली। धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद तुरंत जांच एजेंसियां स्कूल पहुंची और छानबीन में जुट गईं।

सूचना मिलने ही पुलिस टीमों को तुरंत भेजा गया, जिसमें एंटी-सैबोटेज टीमें, लोकल SHO, ACP मॉडल टाउन, ACP कैंट, ACP सेंट्रल और ADCP रैंक के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों की देखरेख में हर स्कूल में कई टीमें एंटी-सैबोटेज चेकिंग कर रही हैं और भेजने वाले ईमेल ID की साइबर जांच चल रही है। स्कूल मैनेजमेंट की मदद से लोकल पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है।


बताया जा रहा है कि ईमेल के जरिए जालंधर के APJ स्कूल और पुलिस DAV स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में धमकी भेजने वाले ने लिखा है कि 4 मार्च को खून की होली होगी और अपने बच्चों को बचा लो !

हालांकि अभी तक पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह इमेल्स स्कूलों को किस ईमेल आईडी से आई हैं और इसमें पुलिस साइबर टीम की मदद ले रही है ताकि ईमेल भेजने वाले का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों स्कूलों से जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

