



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर : पंजाब पुलिस ने होशियारपुर टांडा थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा से जुड़े एक्सटार्शन केस में कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन होशियारपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। यह कार्रवाई कुछ समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट के सामने आने के बाद की गई है। वायरल पोस्ट में होशियारपुर जिले के थाना टांडा में SHO के तौर पर तैनात इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा का नाम, अमेरिका के फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) द्वारा “ऑपरेशन हार्डबॉल” के तहत की जा रही जबरन वसूली (extortion) से जुड़ी जांच के सिलसिले में सामने आया है।


पंजाब पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि होने तक इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को तत्काल प्रभाव से थाना टांडा से पुलिस लाइन्स, होशियारपुर भेज दिया गया है। इसके अलावा, जालंधर रेंज के DIG ने इस मामले में तथ्यों की औपचारिक जांच के आदेश दिए हैं और यह जिम्मेदारी जालंधर ग्रामीण के एसपी (जांच) अधिकारी को सौंपी है। मामले में एसपी (जाँच) को आरोपों और सभी संबंधित तथ्यों की जांच करने और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
पंजाब पुलिस ने यह भी साफ़ किया है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि आरोपों में कोई सच्चाई पाई जाती है तो कानून के अनुसार SHO पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं यदि आरोप निराधार पाए जाते हैं तो उसी के अनुरूप आगे का निर्णय लिया जाएगा। पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





