दोआबा न्यूज़लाइन
मुंबई/पंजाब: पंजाब पुलिस और मुम्बई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुंबई एयरपोर्ट से 2 कुख्यात गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार पंजाब में हत्या, फिरौती और अन्य कई संगीन मामलों में लंबे समय से भगोड़े चल रहे 2 बेहद खतरनाक गैंगस्टरों को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए गैंगस्टरों की पहचान जसवंत सिंह उर्फ जस्सा और करन कीड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों गैंगस्टरों का पंजाब में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है ।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों गैंगस्टर मुंबई एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ कर विदेश भागने की फिराक में थे। लेकिन खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। दोनों गैंगस्टरों की इस गिरफ्तारी को पंजाब में चल रहे गैंगवार और आपराधिक नेटवर्क की कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया गैंगस्टर जसवंत सिंह उर्फ जस्सा बंबीहा गैंग का गुर्गा हो और उसका सीधा संबंध पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गैंग से है। बताया जा रहा है कि जस्सा पर पंजाब के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, फिरौती और हथियार तस्करी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस कि आँखों में धूल झोंक कर फरार चल रहा था और अंडरग्राउंड होकर गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पंजाब पुलिस इसकी काफी लंबे समय से तलाश कर रही थी।
वहीं जानकारी यह भी है कि दूसरा आरोपी करन कीड़ा एक बेहद हाई-प्रोफाइल अकाली पार्षद हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर करन कीड़ा प्रमुख अकाली पार्षद की दिनदहाड़े हत्या मामले में नामजद था। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने पंजाब छोड़ दिया था और अब फर्जी दस्तावेजों या अन्य तरीकों से विदेश भागने की फ़िराक में था।
सूत्रों के अनुसार अब पंजाब पुलिस मुंबई में दोनों आरोपियों की कस्टडी लेगी और दोनों आरोपियों को मुंबई की स्थानीय अदालत में पेश करेगी और उनका ट्रांजिट रिमांड हासिल करेगी। गहन पूछताछ रिमांड मिलने के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब लाया जाएगा।



