
दोआबा न्यूज़लाइन
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक रूह को कंपाने वाला अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद स्थित भारत सिटी नामक रिहायशी बिल्डिंग से बीती देर रात 3 सगी बहनों ने नौवीं मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें किसी टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की लत की शिकार हो गईं थी और उसके चलते तीनों ने यह खौफनाक कदम उठाया।
मृतक बच्चियों की फोटो


तीनों मृतक बच्चियों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है। तीनों बहनें अपने माता- पिता के साथ गाजियाबाद में भारत सिटी बी-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात 2 बजे के करीब तीनों बहनों ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और फिर बालकनी से एक-एक करके छलांग लगा दी। पुलिस के मुताबिक लड़कियों के कमरे से 18 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। नोट में लिखा था “मम्मी-पापा सॉरी… गेम नहीं छोड़ पा रही हूं। अब आपको एहसास होगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे, जिसको आप छुड़वाना चाहते थे।”
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियों के पिता चेतन गुर्जर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं और मूल रूप से दिल्ली के खजूरी के रहने वाले हैं। पिता के अनुसार तीनों बेटियों को टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की बुरी तरह से लत लग गई थी। तीनों हर वक्त एकसाथ रहती थीं। एक साथ नहाती थीं और टॉयलेट जाती थीं। इस कदर गेम की लत थी कि तीनों ने स्कूल भी छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि घटना के वक़्त पूरा परिवार अपने कमरों में सो रहा था।

वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात 2 बजे तीनों ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और फिर स्टूल रखकर एक-एक करके बालकनी से कूद गईं। पुलिस को लड़कियों के कमरे में एक डायरी में 18 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा मिला है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि तीनों ने आत्महत्या की है।
वहीं घटना की जांच पर बोलते हुए डीसीपी निमिष पटेल ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और केस के हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चियां किसके संपर्क में थीं, गेम का लिंक कहां से आया और क्या किसी बाहरी व्यक्ति ने उन्हें उकसाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
वहीं तीनों बच्चियों की मौत से टूट चुके पिता ने सभी माता-पिता से अपने बच्चों को मोबाइल फ़ोन से दूर रखने की अपील की है। उनके अनुसार अगर बच्चे मोबाइल यूज़ करते भी हैं तो उनकी हर गतिविधि पर नजर रखें। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कभी अंदाजा ही नहीं था कि मोबाइल स्क्रीन के पीछे इतना बड़ा खतरा छिपा हो सकता है।
