

दोआबा न्यूज़लाइन

FIT ने K.K. Yadav, IAS को सौंपा ज्ञापन


कपूरथला : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कपूरथला स्थित पुष्पा गुजराल साइंस सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फेडरेशन ऑफ़ इंडस्ट्री एंड ट्रेड (FIT) के प्रधान सुनील शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण विभाग के प्रशासनिक सचिव के.के.यादव, आईएएस से मुलाकात कर उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उद्योगों से जुड़े विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों संबंधी एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में विशेष रूप से 2 टन प्रति घंटा तक क्षमता वाली छोटी इंडक्शन फर्नेस यूनिट्स को सेकेंडरी एयर पोलियूशन कंट्रोल डिवाइसिस एवं सेकेंडरी एमिशन फ्यूम एक्सट्रैक्शन सिस्टम्स लगाने की अनिवार्यता से पूर्ण छूट देने की मांग की गई। साथ ही ₹50,000 की बैंक गारंटी तथा PSCST द्वारा टेक्निकल इवैल्यूएशन की शर्तों को भी समाप्त करने का अनुरोध किया गया।

वहीं FIT प्रधान सुनील शर्मा ने कहा कि पंजाब के एमएसएमई, फाउंड्री एवं इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं, लेकिन छोटे उद्योगों की आर्थिक एवं तकनीकी परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकांश छोटी फाउंड्री यूनिट्स मोटर स्टैंपिंग स्क्रैप एवं पिग आयरन जैसे अपेक्षाकृत स्वच्छ कच्चे सामान का उपयोग करती हैं तथा उनमें धुएं का उत्सर्जन बहुत कम होता है। उन्होंने पंजाब सरकार से उद्योगों और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए व्यावहारिक एवं उद्योग हितैषी समाधान अपनाने का अनुरोध किया।
इस दौरान के.के. यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना, संबंधित विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया तथा प्रतिनिधिमंडल को अपने चंडीगढ़ कार्यालय में आकर इस विषय पर विस्तृत चर्चा करने का भी निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर FIT प्रधान सुनील शर्मा ने राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल जी से भी मुलाकात कर उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता, हरित वातावरण तथा औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
वहीं FIT प्रधान सुनील शर्मा ने बताया कि फेडरेशन ऑफ़ इंडस्ट्री एंड ट्रेड पिछले कई वर्षों से वृक्षारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने संत बलबीर सिंह सीचेवाल जी को भी आगामी वर्षा ऋतु में शुरू होने वाले विशेष वृक्षारोपण अभियान में शामिल होने का निमंत्रण दिया। FIT द्वारा इस वर्ष 1500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसका शुभारंभ अगले माह वर्षा ऋतु के दौरान किया जाएगा। इस अवसर पर FIT प्रेजिडेंट सुनील शर्मा, चेयरमैन मनिंदर शर्मा, जनरल सेक्रेटरी नवनीत कुमार, कैशियर संदीप शारदा, फूल सिंह शेखावत, प्रदूषण सलाहकार सुनील अग्रवाल, अरुण शर्मा, राकेश वाधवा एवं अन्य उद्योगपति उपस्थित रहे।

