



दोआबा न्यूज़लाइन
नॉर्थ हलके के इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने धरने पर बैठे कांग्रेसियों को दिया करारा जवाब




कहा- धरना लगाना है तो अवतार हेनरी के दफ्तर के बाहर धरना लगाएं
जालंधर: जालंधर के नॉर्थ विधानसभा हलके में खस्ताहाल सड़कों, उफनते सीवर, गंदे पानी, बंद स्ट्रीट लाइटों और अन्य समस्यायों के विरोध में लम्मा पिंड चौक पर उत्तरी हलके से कांग्रेस विधायक बावा हेनरी की अध्यक्षता में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा लंबा पिंड चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निगम प्रशासन से तत्काल इन समस्यायों का समाधान करने की बात कही। विधायक बावा हेनरी ने कहा कि नॉर्थ हलके में एक सड़क का 3 बार उद्घाटन हो चुका है लेकिन वह सड़क आज तक नहीं बनी, जो प्रशासनिक लापरवाही का एक बड़ा उदाहरण है। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित सड़क के टैंडरों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग करते हुए कहा कि टैंडर की शर्तों, काम हासिल करने वाली कंपनियों, किए गए भुगतान और निर्माण की गुणवत्ता का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए और जांच में अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।


इसके साथ ही बावा हेनरी ने नेशनल हाईवे और सर्विस लाइन की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां तो हलकी बारिश में भी पानी भरने से यातायात ठप्प हो जाता है। वहीं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से सड़क हादसे होने का डर बना रहता है, जबकि ट्रांसपोर्ट नगर में सीवरेज जाम से लोग परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आप सरकार पर विकास कार्य ठप्प करने के आरोप भी लगाए हैं।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री के आगामी दौरे और नशा विरोधी अभियान पर बोलते हुए हेनरी ने कहा कि केवल रैलियों और भाषणों से नशा खत्म नहीं होगा। इसके लिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार और पीड़ितों के ठोस पुनर्वास की जरूरत है। जब तक पुलिस, प्रशासन व सुरक्षा तंत्र के गठजोड़ को खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक नशे पर लगाम लगाना असंभव है। आगे उन्होंने उन्होंने चेताया कि सुधार न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस धरने में सीनियर कांग्रेस परमजीत सिंह पम्मा, बिक्रम सिंह खेड़ा, मैडम पवन सूरी, ब्लॉक प्रधान जगजीत सिंह कंबोज, ब्लॉक प्रधान दीपक शर्मा, सूरज पार्षद विकास तलवाड़, रवि सैनी, लाहौरिया, पार्षद नीरज जस्सल, सचदेवा, दविंदर शमी, कंबोज, रत्नेश सैनी, हरमीत साबा, नीटा विकासपुरी, विशाल गिल, गुलशन सोढ़ी, सुभाष शर्मा, बंटी अरोड़ा, मास्टर अशोक, प्रो. छत्तरपाल, बॉबी सोंधी, हैप्पी सागर, ईश्वर, सूबा सिंह मौजूद थे।

नार्थ हलके के इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने धरने पर बैठे कांग्रेसियों को दिया करारा जवाब
वहीं नॉर्थ विधानसभा हलके में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए धरने के बाद सियासत गरमा गई है। जालंधर नॉर्थ के इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने कांग्रेस विधायक बावा हेनरी और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ता विकास कार्यों को लेकर धरना देना चाहते हैं तो उन्हें अवतार हेनरी के दफ्तर के बाहर धरना देना चाहिए।
‘10 साल से बावा हेनरी विधायक, तब विकास क्यों नहीं हुआ?’
मेयर वनीत धीर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जालंधर नॉर्थ हलके में पिछले कई वर्षों से विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बावा हेनरी लंबे समय से इस हलके का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान इन समस्याओं का समाधान क्यों नहीं किया गया।
वनीत धीर ने कहा कि बावा हैनरी के पिता अवतार हेनरी भी जालंधर नॉर्थ से तीन बार विधायक रह चुके हैं और पंजाब सरकार में मंत्री रहे हैं। अवतार हेनरी 1992, 1997 और 2002 में जालंधर नॉर्थ सीट से विधायक और पंजाब में मंत्री रहे।
लम्मा पिंड चौक से लेकर गाजी गुल्लां तक उठाए सवाल
मेयर वनीत धीर ने लम्मा पिंड चौक, बल्टर्न पार्क, दोमोरिया पुल और गाजी गुल्ला की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें से कई मुद्दे लंबे समय से चले आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस की सरकार थी और बावा हेनरी विधायक थे, तब इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। वनीत धीर के मुताबिक अब आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से विकास कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं तो कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है।
‘हैनरी पिता-पुत्र को देना चाहिए जवाब’
वनीत धीर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले अपने ही नेताओं से यह पूछना चाहिए कि जालंधर नॉर्थ में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान पहले क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को तेजी के साथ किया जा रहा है। अब जब आम आदमी पार्टी की सरकार इन समस्याओं का समाधान कर विकास कामों को तेजी के साथ कर रही है, तो बावा हैनरी को दुख हो रहा है।
वनीत धीर ने कहा कि असल में धरना देने वाले लोगों को अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर धरना देना चाहिए, क्योंकि असल में नॉर्थ हलके के पिछड़ेपन के लिए हैनरी पिता-पुत्र जिम्मेदार हैं।



