Home जालंधर NEET पर राजनीति कर रही कांग्रेस, अपने और सहयोगी दलों के राज्यों के परीक्षा घोटालों पर क्यों है खामोश? : विजय सांपला

NEET पर राजनीति कर रही कांग्रेस, अपने और सहयोगी दलों के राज्यों के परीक्षा घोटालों पर क्यों है खामोश? : विजय सांपला

by Doaba News Line

पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले— संसद थी समाधान का मंच, लेकिन कांग्रेस ने चुना राजनीतिक ड्रामा; मोदी सरकार दोषियों पर कर रही सख्त कार्रवाई

जालंधर : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने कांग्रेस पर NEET मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर रचनात्मक चर्चा का सबसे उपयुक्त मंच संसद था, लेकिन कांग्रेस ने समाधान खोजने के बजाय इसे राजनीतिक हथियार बना लिया।

प्रेस वार्ता में सांपला ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार छात्रों के हितों की रक्षा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन विपक्षी दलों ने राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों को गुमराह करने और माहौल को भड़काने का प्रयास किया।

सांपला ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में NEET मामले पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ने संसद के बजाय सड़कों पर प्रदर्शन को प्राथमिकता दी। उनका आरोप था कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि कांग्रेस अपने शासनकाल तथा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी शासित राज्यों में सामने आए पेपर लीक और परीक्षा घोटालों से जुड़े सवालों से बच सके।

शिक्षा क्षेत्र में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने शिक्षा बजट में लगातार उल्लेखनीय वृद्धि की है। साथ ही देशभर में आईआईटी, एम्स और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि NEET मामले में सरकार ने बिना देरी किए एफआईआर दर्ज करवाई, जांच सीबीआई को सौंपी, जहां आवश्यक हुआ वहां दोबारा परीक्षा आयोजित कराई तथा दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक अदालतों में कार्रवाई सुनिश्चित की।

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सांपला ने कहा कि पंजाब में पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC), पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) तथा बाबा फरीद यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित परीक्षा घोटालों पर राज्य सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार दोहरा मापदंड अपना रही है। एक ओर वह अन्य राज्यों में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाती है, जबकि दूसरी ओर बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए हालिया लाठीचार्ज पर मौन साधे हुए है।

अंत में सांपला ने कांग्रेस से छात्रों के भविष्य जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति बंद करने की अपील करते हुए कहा कि मोदी सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रत्येक दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए केंद्र सरकार हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

@bjpjalandhar @congressjalandhar @aappunjab @rajniti @jantar-mantar @protest

 

 

You may also like

Leave a Comment