

दोआबा न्यूजलाइन

जालंधर : वरिष्ठ पुलिस कप्तान जालंधर ग्रामीण स. हरविंदर सिंह विरक, पी.पी.एस. के दिशा-निर्देशों पर समाज विरोधी तत्वों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सी.आई.ए स्टाफ जालंधर ग्रामीण को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सुनील नाटा और डोनी बल्ल गिरोह से जुड़े एक मुख्य सदस्य को 100 ग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।


इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.एस.पी. स. हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि विनीत अहलावत, आई.पी.एस., पुलिस कप्तान (तफ्तीश) तथा लखविंदर सिंह, पी.पी.एस., डी.एस.पी. (तफ्तीश) की निगरानी में इंस्पेक्टर पुष्प बाली, प्रभारी सी.आई.ए स्टाफ जालंधर ग्रामीण की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि इंस्पेक्टर पुष्प बाली को गुप्त सूचना मिली थी कि सुच्चा सिंह उर्फ सन्नी लांबड़ा क्षेत्र में सक्रिय है और बड़े स्तर पर हेरोइन तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर 23 मई 2026 को एस.आई. कश्मीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम को इलाके में भेजा गया।
गश्त के दौरान जब पुलिस पार्टी गांव रामपुर लल्लियां के अड्डे के पास पहुंची तो सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गया और पास बने खोखे की ओर बढ़ने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के साइड बैग से 100 ग्राम हेरोइन, .32 बोर की दो पिस्तौलें तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सुच्चा सिंह उर्फ सन्नी पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव फतेहगढ़ पंजतूर, थाना फतेहगढ़ पंजतूर, जिला मोगा के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लांबड़ा, जिला जालंधर ग्रामीण में एफ.आई.आर. नंबर 67 दिनांक 23.05.2026 के तहत धारा 21बी, 61, 85 एन.डी.पी.एस. एक्ट तथा 25, 54, 59 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी हत्या, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी से जुड़े कई मामलों में शामिल रहा है। वह विभिन्न जेलों में बंद रह चुका है और 7 मार्च 2026 को फरीदकोट जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने “अभी” नामक व्यक्ति के साथ मिलकर दोबारा हेरोइन तस्करी का नेटवर्क शुरू किया था। आरोपी के अनुसार बरामद हेरोइन और हथियार उसे “अभी” द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। पुलिस के मुताबिक “अभी” विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल्ल के संपर्क में है और फिलहाल जमानत पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा है।
फिलहाल आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान कई और अहम खुलासे होने की संभावना है। साथ ही नशा तस्करी से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों की जांच और आरोपी के फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।
