




दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: महानगर के बस्ती शेख इलाके में बीती देर रात गुंडागर्दी का नंगा नाच देखा गया। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर के बस्ती शेख इलाके में वार्ड नंबर-44 के भाजपा कार्यकर्ता अश्विनी अटवाल के घर पर बीती देर रात 8 से 10 युवकों द्वारा जमकर ईंट- पत्थर बरसाए गए। इस पत्थरबाजी में अश्वनी अटवाल के घर के बाहर खड़ी कार के शीशे टूट गए और परिवार की एक बुजुर्ग महिला ईंट लगने से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।


वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना डिविजन नंबर-5 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। थाना डिविजन नंबर 5 के ड्यूटी अफसर ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर शिकायत दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए भाजपा कार्यकर्त्ता अश्वनी अटवाल ने कहा कि 150 से 200 रुपए की दिहाड़ी विवाद की वजह से इलाके के ही कुछ लोगों द्वारा उनके घर पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को कहीं दिहाड़ी पर ले जाया गया था। वहां उस पर मंदिर से चोरी का आरोप लगने के कारण उसे काम पर बुलाने वाले व्यक्ति ने दिहाड़ी देने से मना कर दिया। इस दौरान अश्विनी अटवाल के भाई विजय अटवाल ने बीच-बचाव किया था। इसी रंजिश में घटना वाले दिन आरोपी पहले अकेला आकर उनसे बहस करने लगा और फिर कुछ देर बाद 8-10 साथियों के साथ लौटकर घर पर अचानक पथराव शुरू कर दिया।


उन्होंने आगे बताया कि जब हमलावरों ने उनके घर पर हमला किया तब घर पर अकेली महिलाएं ही थीं। घटना के वक़्त अचानक शोर-शराबे और पथराव के चलते इलाके में दहशत का माहौल था। घटना में हमलावरों द्वारा चलाई गई ईंटें घर के अंदर तक जा गिरीं। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।



