



दोआबा न्यूज़लाइन


अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मिली जानकारी के अनुसार
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.378 किलो हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 48 करोड़ बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने 2 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।


इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सूचना के आधार पर नशा तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। पहले थाना छेहर्टा पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय युवक लवप्रीत सिंह उर्फ लव निवासी अमृतसर के गांव खासा और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 किलो हेरोइन बरामद की। जिसके बाद आरोपियों से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर 3 किलो 10 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की। इस पहले ऑपरेशन में कुल 5 किलो 10 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
प्रारंभिक जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक और ऑपरेशन में 3 किलो 368 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस तरह, कुल बरामदगी 8 किलो 378 ग्राम हेरोइन तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी लवप्रीत सिंह के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान में बैठे तस्कर ड्रोन के जरिए भारत-पाक सीमा के भीतर पूर्व-निर्धारित स्थानों पर हेरोइन गिराते थे। स्थानीय युवक इन खेपों को उठाकर आगे सप्लाई करते थे।


आगे जानकारी देते हुए कमिश्नर भुल्लर ने कहा कि रातों-रात अमीर बनने की चाहत और बेरोजगारी के कारण कई युवा नशा तस्करों के जाल में फंस रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों पर नजर रखने और उनकी समय-समय पर काउंसिलिंग करने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि पड़ोसी देश पाकिस्तान पंजाब के युवाओं को नशे के जरिए गुमराह करने की साजिश रच रहा है, जिसका मुकाबला समाज और पुलिस को मिलकर करना होगा।



