
दोआबा न्यूज़लाइन
कहा- पंजाब सरकार उद्योगपतियों की हर जायज़ मांग को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है
जालंधर: जालंधर के सर्किट हाउस में फेडरेशन ऑफ़ इंडस्ट्री एंड ट्रेड (FIT) की मासिक ग्रैंड गैदरिंग मीटिंग आयोजित की गई। इस मीटिंग में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत शामिल हुए। इस दौरान फैडरेशन के सभी सदस्यों द्वारा मंत्री भगत का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।


यह बैठक फेडरेशन के प्रधान सुनील शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधान सुनील शर्मा ने आम आदमी पार्टी की सरकार के 4 वर्षों की उपलब्धियों पर बधाई देते हुए सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
उन्होंने विशेष रूप से हाल ही में लिए गए औद्योगिक प्लॉटों को फ्रीहोल्ड करने की नीति में सुधार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने 5% ट्रांसफर शुल्क, स्टाम्प ड्यूटी में छूट, प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सेल्फ-डिक्लेरेशन की सुविधा तथा विभिन्न शुल्कों में कमी जैसे कदमों को उद्योग के लिए ऐतिहासिक बताया।
सुनील शर्मा ने आगे कहा कि यदि पंजाब के सभी इंडस्ट्रियल एरियाज में बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सड़क और सीवरेज पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा बजट में स्मार्ट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर फण्ड का प्रावधान किया जाए, तो उद्योगों की अधिकांश मांगें पूरी हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट होने के कारण हमेशा चुनौतियों का सामना करता रहा है, इसलिए राज्य की इंडस्ट्री को अतिरिक्त सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।
अपने संबोधन में मोहिंदर भगत ने फेडरेशन के सभी सदस्यों को नए वित्तीय वर्ष की शुभकामनाएं दीं और उन्हें आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने उद्योग की सभी जायज़ मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उन्हें पूरा करवाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि वे फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल अपने साथ लेकर शीघ्र ही इंडस्ट्री मिनिस्टर संजीव अरोड़ा तथा पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान से मुलाकात करवाएंगे और उद्योग से संबंधित लंबित मांगों को पूरा करवाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
इस दौरान प्रधान सुनील शर्मा द्वारा बल्लां–रसूलपुर से गदईपुर तक बन रही सड़क को 20 फीट चौड़ा करने तथा बिस्त दोआब नहर से हाईवे की ओर आने वाली सड़क पर एसटीपी प्लांट के पास संकरी पुलिया को चौड़ा करने की मांग रखी गई, जिसे गंभीरता से लेते हुए मोहिंदरभगत ने मौके पर ही संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र में नए इंडस्ट्रियल पार्क और एग्जीबिशन सेंटर की फेडरेशन की मांग को पूरा करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी नवनीत कुमार ने फगवाड़ा की ओर से जालंधर प्रवेश द्वार पर अमृतसर की तर्ज पर एक भव्य हेरिटेज गेट बनाने की मांग रखी, जिस पर मोहिंदर भगत ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा इस सराहनीय सुझाव के लिए उनकी प्रशंसा की।
इस मौके पर मंत्री भगत ने फेडरेशन के सभी सदस्यों को मेम्बरशिप आइडेंटिटी कार्ड देकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रधान सुनील शर्मा ने मंत्री जी से अनुरोध किया कि फेडरेशन द्वारा जारी इन कार्डों पर फेडरेशन का फिट का लोगो और प्रायोरिटी मार्क लगा हुआ है, ताकी सभी सदस्यों को प्राथमिकता दी जाए और उनकी समस्याओं को सुनकर शीघ्र समाधान किया जाए। इस दौरान मंत्री भगत ने युवा उद्यमियों को नई सोच और नई तकनीक अपनाकर आगे बढ़ने तथा उद्योग की वृद्धि में योगदान देने का संदेश देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर नरेश सहगल (जगदम्बे ग्रुप), अमरजीत सिंह भाटिया (एम.के. ग्रुप), प्रमोद चोपड़ा, राजन गुप्ता, रवि महेन्द्रु, अनिल वशिष्ठ, गौरव पूरी, मनीष क्वात्रा, बन्टु सेठ, ललित भल्ला (डी.आर.पी. ग्रुप), राजीव जैरथ, राजेश सेठ, संदीप गुप्ता, संदीप शारदा, नवदीप शारदा, जगदीश विज तथा संदीप महाजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
