
दोआबा न्यूज़लाइन
5KG सिलेंडर भी 261 रुपये हुआ महंगा, नई दरें आज 1 मई से हुई लागू
नई दिल्ली: मजदूर दिवस के दिन आज 1 मई से आम जनता और छोटे व्यापारियों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। मिली जानकारी के अनुसार आज से देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। केंद्र सरकार ने 1 मई यानि आज से से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपये तक की बढ़ोतरी की है।

हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतों का असर अप्रत्यक्ष रूप से घरों तक पहुंच सकता है, क्योंकि होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाएं अपने दाम बढ़ा सकती हैं।
बताया जा रहा है कि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने के साथ-साथ ही 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर भी महंगे हो गए हैं, जिसका असर छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स की लागत पर पढ़ना तय है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 5 किलो सिलेंडर की कीमत में 261 रुपये का इजाफा किया गया है। यह सिलेंडर आमतौर पर ढाबों, रेहड़ी वालों और अस्थायी किचन वालों के पास इस्तेमाल होता है। वहीं इन सिलेंडरों की कीमत बढ़ने से छोटे कारोबारियों का खर्च बढ़ेगा और इसका असर कहीं न कहीं ग्राहकों की जेब पर भी पड़ सकता है क्योंकि बाहर से खाना खाना और मंगवाना और महंगा हो जाएगा।
1 मई से कमर्शियल सिलेंडर की नई दरें लागू होने के बाद देश के अलग-अलग शहरों में कीमतें काफी बढ़ गई हैं। दिल्ली में 19 किलो का सिलेंडर अब 3071.50 रुपये का हो गया है। अगर बात करें आर्थिक राजधानी मुंबई की तो वहां आज से इसकी कीमत बढ़कर 3024 रुपये पहुंच गई है। कोलकाता में आज से कमर्शियल सिलेंडर 3202 रुपये का मिलेगा, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत 3237 रुपये हो गई है।
वहीं LPG गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों पर विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव, खासकर मिडिल ईस्ट क्षेत्र की स्थिति गैस की कीमतें बढ़ने का बड़ा कारण है। फरवरी के अंत से अब तक कई बार कीमतों में इजाफा हो चुका है, जिससे बाजार पर दबाव बना हुआ है। जिसका सीधा असर व्यापार और आम लोगों की जेब पर पड़ता है।
