



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल के होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर स्कूल का नाम रोशन किया है, जो पूरे स्कूल परिवार के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित जिला स्तरीय जोन नंबर-2 की खेल प्रतियोगिताओं में अंडर-17 लड़कियों के वॉलीबॉल मुकाबले, जो सी.टी. पब्लिक स्कूल, मकसूदां, जालंधर में आयोजित किए गए, में मानव सहयोग स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की।



इसी प्रकार अंडर-17 लड़कियों के क्रिकेट मुकाबले, जो साईं दास स्कूल, पटेल चौक, जालंधर में आयोजित किए गए, में भी मानव सहयोग स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस दोहरी शानदार जीत से स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों और समस्त स्टाफ में खुशी की लहर है। स्कूल की प्रिंसिपल सपना कुमार ने विजेता खिलाड़ियों तथा उनके कोच सुभाष (वॉलीबॉल) और अनिल (क्रिकेट) को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और जीत का जज़्बा पैदा करते हैं।
वहीं प्राचार्य ने खिलाड़ियों एवं उनके कोचों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। मानव सहयोग स्कूल की दोनों टीमों की यह शानदार उपलब्धि स्कूल की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता तथा विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है।





