




दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: जालंधर के गुरु नानक पूरा ईस्ट इलाके में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक्साइज विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी करवाई की। बताया जा रहा है कि एक्साइज विभाग और पुलिस ने गुरु नानकपुरा ईस्ट इलाके में बुधवार को छापेमारी के दौरान 2 गाड़ियों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने 3 मुख्य आरोपियों के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


मिली जानकारी के अनुसार एक्साइज विभाग और पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरु नानकपुरा ईस्ट इलाके में गाड़ियों के जरिए अवैध शराब की सप्लाई की जा रही है। वहीं सूचना के आधार पर थाना रामा मंडी के एएसआई रणजीत पाल टीम के साथ बुधवार को जांच के लिए भरत नगर फाटक के पास मौजूद थे। गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि वरुण कपूर निवासी लक्ष्मी पुरा, नितिन नागपाल उर्फ नंदू निवासी कोट किशन चंद और राजीव उर्फ जीबा निवासी संकरपुरा बड़े पैमाने पर अवैध शराब बेचने का काम करते हैं।
वहीं सूचना के अनुसार तीनों आरोपी दो सफेद रंग की कारों, मारुति ब्रीजा नंबर PB-08-EZ-7864) और मारुति बलेनो नंबर PB-08-FQ-3761) में शराब लोड करके गुरु नानकपुरा ईस्ट गली नंबर 8 में मकान नंबर 694 के बाहर ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर तुरंत छापेमारी की और दोनों गाड़ियों मारुति ब्रीजा से 40 पेटी शराब (पंजाब किंग्स मार्क) और मारुति बलेनो से 43 पेटी शराब (पंजाब किंग्स एवं रॉयल चैलेंजर मार्क) बरामद की।


पुलिस के मुताबिकदोनों गाड़ियों में शराब आगे सप्लाई करने के लिए रखी गई थी। तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ थाना रामा मंडी में ‘द पंजाब आबकारी अधिनियम, 1914’ की धारा 61 और 78(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की इस बड़ी खेप के सोर्स का पता लगाने के लिए छापेमारी कर रही है।



