



दोआबा न्यूज़लाइन


वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका-ईरान के बीच फिर से एक बार जंग छिड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका ने एक बार फिर गुरुवार तड़के सुबह ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। जबकि अमेरिका के हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया है। इसके साथ ही बहरीन और कुवैत में मिसाइल अलर्ट जारी किया गया। वहीँ जॉर्डन ने ईरान द्वारा दागी 8 मिसाइलें मार गिराने की बात कही है।


अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार गुरुवार सुबह भारतीय समयानुसार करीब साढ़े तीन बजे ईरान के ग्रेटर टुंब द्वीप पर तटीय रक्षा प्रणाली और क्रूज मिसाइल भंडारण ठिकानों पर हमला किया गया। इसके 9 घंटे बाद दूसरा हमला किया गया। अमेरिकी सेना ने यह भी बताया कि उसने ईरान के खर्ग द्वीप की तरफ जा रहे एक तेल टैंकर को बार बार चेतावनी देने के बावजूद रोका नहीं जाने पर उसे मिसाइल से निष्क्रिय कर दिया। इन हमलों में मिसाइल लॉन्च साइट, रक्षा ठिकाने और सिस्तान-बलूचिस्तान में 388वीं ब्रिगेड की बैरक को निशाना बनाया गया।
इस हमले पर बोलते हुए ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि अगर अमेरिका पीछे नहीं हटता, तो ईरान बड़े सैन्य टकराव के लिए तैयार है। वहीं रिवोल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो आगे चलकर मिडिल-ईस्ट से तेल और गैस का निर्यात भी रोका जा सकता है।





