



दोआबा न्यूजलाइन


जालंधर : मानव सहयोग स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025–26 तथा कक्षा 11वीं की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं के 28, कक्षा 12वीं के 30 तथा कक्षा 11वीं के 6, कुल 64 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती वंदना से हुआ। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस. के. शर्मा ने की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती सपना कुमार, अकादमिक एडवाइज़र श्री वी. के. खन्ना, वाइस प्रिंसिपल श्री दीपक बहल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह में सभी 64 विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त लाजवंती फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा स्वर्गीय पंडित राम किशन वासुदेव जी की पावन स्मृति में डॉ. वी. के. वासुदेव के सौजन्य से कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को विशेष नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। वर्षों से निरंतर संचालित यह प्रेरणादायी पहल मेधावी विद्यार्थियों के परिश्रम, प्रतिभा एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को सम्मानित करने की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।



अपने प्रेरक संबोधन में चेयरमैन डॉ. एस. के. शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं श्रेष्ठ संस्कारों के साथ जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती सपना कुमार ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील एवं राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना है जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता का परिचय दें।
यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना।



