Home पंजाब फिरोजपुर रेल मंडल के लिए ये सप्ताह रहा प्रगति और उपलब्धियों से भरा

फिरोजपुर रेल मंडल के लिए ये सप्ताह रहा प्रगति और उपलब्धियों से भरा

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

फिरोजपुर: फिरोजपुर रेल मंडल ने ई-निविदा के माध्यम से इस सप्ताह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ट्रेन संख्या 04652, 14664 एवं 11058 में एस.एल.आर. लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किए हैं। इन अनुबंधों से रेलवे को लगभग ₹2.68 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व अर्जित होगा। इन अनुबंधों के शुरू होने से पार्सल एवं लगेज परिवहन सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा व्यापारियों को अपने सामान की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई की सुविधा प्राप्त होगी। इससे समय और लागत दोनों की बचत होगी तथा रेल परिवहन को प्रोत्साहन मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि ट्रेन संख्या 14664 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी (साप्ताहिक) में पहली बार एस.एल.आर. लीजिंग अनुबंध आवंटित किया गया है। यह उपलब्धि रेलवे की आय बढ़ाने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर रेल मंडल का एक महत्वपूर्ण कदम है।

*ब्यास, फिरोजपुर कैंट तथा फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पहली बार डिजिटल स्टोरेज लॉकर सुविधा हेतु अनुबंध आवंटित
फिरोजपुर मंडल द्वारा ब्यास, फिरोजपुर कैंट और फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पहली बार डिजिटल स्टोरेज लॉकर सुविधा के संचालन हेतु तीन वर्षों की अवधि के लिए अनुबंध आवंटित किया गया है। इसके माध्यम से यात्रियों को रेलवे स्टेशन परिसर में ही अपने सामान के सुरक्षित, आधुनिक, सुविधाजनक एवं विश्वसनीय व्यवस्था उपलब्ध होगी। डिजिटल प्रणाली से संचालित यह लॉकर सुविधा यात्रियों की यात्रा को अधिक सहज, सुरक्षित और परेशानी मुक्त बनाने के साथ-साथ स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में भी महत्वपूर्ण वृद्धि करेगी।

डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए फिरोजपुर रेल मंडल उत्तर रेलवे का पहला एवं एकमात्र मंडल बन गया है, जहां सभी 7 प्रमुख स्टेशनों पर डिजिटल स्टोरेज लॉकर सुविधा आवंटित हो गई है। इनमें लुधियाना, अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, ब्यास, फगवाड़ा एवं फिरोजपुर स्टेशन शामिल हैं। यह सुविधा यात्रियों को सामान रखने की सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधा प्रदान करेगी। ब्यास, फगवाड़ा एवं फिरोजपुर रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल स्टोरेज लॉकर अनुबंधों से तीन वर्षों में रेलवे को कुल ₹5.87 लाख का राजस्व अर्जित होगा।

*रेलयात्रियों को स्टेशन पर ही मिलेगी पूजा सामग्री, अमृतसर स्टेशन पर अनुबंध आवंटित
फिरोजपुर मंडल ने रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए 18 जून 2026 को पहली बार अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पूजा सामग्री स्टोर की स्थापना एवं संचालन हेतु अनुबंध आवंटित किया है। यह अनुबंध प्रथम वर्ष के लिए ₹1,53,500 तथा तीन वर्षों के लिए कुल ₹4,60,500 मूल्य का है। इस पहल से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही पूजा सामग्री की सुविधा उपलब्ध होगी तथा रेलवे की गैर-किराया राजस्व आय में भी वृद्धि होगी।

*फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर पहली बार पार्सल पैकिंग सुविधा हेतु अनुबंध आवंटित
फिरोजपुर मंडल द्वारा ग्राहकों को बेहतर पार्सल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर पहली बार पार्सल पैकिंग सुविधा के संचालन हेतु अनुबंध आवंटित किया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से पार्सलों की क्षति रहित एवं मानक अनुरूप पैकिंग सुनिश्चित होगी, जिससे परिवहन के दौरान सामान की सुरक्षा बढ़ेगी। साथ ही ग्राहकों को स्टेशन परिसर में ही सुविधाजनक पैकिंग सेवा उपलब्ध होगी। फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर पार्सल पैकिंग सुविधा से रेलवे को तीन वर्षों में कुल ₹7.15 लाख का राजस्व अर्जित होगा।

 

 

You may also like

Leave a Comment