Home क्राईम Jalandhar में डॉक्टर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस को मिले अहम सुराग

Jalandhar में डॉक्टर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस को मिले अहम सुराग

by Doaba News Line

जालंधर: शहर के संतोखपुरा इलाके में देर रात अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक डॉक्टर के घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। घटना रात करीब 1:40 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर तीन युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और कार व मकान को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के समय डॉक्टर अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे।

डॉक्टर यशपाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि देर रात अचानक पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। उस समय उनकी बेटी पढ़ाई कर रही थी। पहले उन्हें लगा कि आसपास कहीं पटाखे चल रहे हैं, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि उनकी नई खरीदी गई कार पर गोलियां चलाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही उन्होंने नई कार खरीदी थी। फुटेज में देखा गया कि एक युवक ने कार के पिछले शीशे पर तीन गोलियां दागीं और फिर कैमरे की ओर भी फायरिंग की। इसके बाद घर की ओर भी गोलियां चलाई गईं। फायरिंग करने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही उन्हें किसी प्रकार की फिरौती की कॉल मिली है।

वहीं, मामले में बयान देते हुए डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में किसी रंजिश या फिरौती का मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


 

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जयंतपुरी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की।

स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि रात करीब 2 बजे उन्हें डॉक्टर यशपाल का फोन आया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने कहा कि मामले को पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के संज्ञान में लाया गया है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

 

 

You may also like

Leave a Comment