Home पंजाबलुधियाना पंजाब की युवती की कनाडा में दर्दनाक मौत, लिव-इन पार्टनर ही निकला हत्यारा

पंजाब की युवती की कनाडा में दर्दनाक मौत, लिव-इन पार्टनर ही निकला हत्यारा

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना की बेटी की कनाडा के एडमिंटन शहर में उसके ही प्रेमी द्वारा बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार कनाडा के एडमिंटन शहर में 23 साल की दमनप्रीत कौर का उसके प्रेमी से झगड़ा हुआ और उसने गुस्से में आकर दमनप्रीत को मौत के घाट उतार दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दमनप्रीत के हत्यारे लिव इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय रितेश के रूप में हुई है जो दिल्ली का रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि बीती 9 जुलाई की शाम 6 बजकर 44 मिनट पर एडमिंटन पुलिस को दक्षिण-पूर्वी शहर के सिल्वरबेरी इलाके में स्थित एक घर से इमरजेंसी फोन आया। जब पुलिस और पैरामेडिकल टीम वहां पहुंची तो उन्हें बेहोशी की हालत में दमनप्रीत मिली। जिसके बाद पुलिस ने दमनप्रीत को अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन वहां 12 जुलाई को इलाज के दौरान दमनप्रीत की मौत हो गई। 14 जुलाई को मृतका की पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट आने के बाद यह खुलासा हुआ कि दमनप्रीत की मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि गला घोंटने के कारण हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने 22 जुलाई को हत्या के आरोपी रितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह मामला घरेलू हिंसा या पार्टनर हिंसा का है। वहीं पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी 23 जुलाई को साझा की। अभी तक यह सामने नहीं आ पाया है कि हत्या की वजह क्या रही।

बताया जा रहा है कि मृतका दमनप्रीत कौर लुधियाना के समराला कि रहने वाली है और करीब 5 साल पहले उसके परिवार ने उसे कर्ज लेकर स्टडी वीज़ा पर कनाडा भेजा था। बताया जा रहा है कि कनाडा में 2021 में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली के 22 वर्षीय रितेश से हुई थी। जिसके बाद दोनों लिव-इन में रहने लगे। समराला में दमनप्रीत के घर पर उसकी मौत की खबर आने के बाद से मातम छाया हुआ है। बताया जा रहा है कि दमनप्रीत के परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसके शव को भारत वापस लाने और अंतिम संस्कार के कागजी खर्च के लिए कनाडाई मीडिया के तहत एक ‘गो-फंड-मी’ अभियान शुरू किया गया है। फिलहाल शव के भारत पहुँचने की कोई तारीख अभी तय नहीं हुई है।

 

 

You may also like

Leave a Comment